दो साल से फरार हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
राजापेठ पुलिस की कार्रवाई

* 2024 में युवक की तलवार और चाकू से हत्या कर शव नाले में फेंकने का आरोप
* कठोरा क्षेत्र से दबोचा गया आरोपी
अमरावती/दि.20- अमरावती शहर की राजापेठ पुलिस ने वर्ष 2024 के चर्चित हत्या प्रकरण में दो वर्षों से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पुलिस ने आरोपी शशिकांत काटे (21) को कठोरा क्षेत्र से हिरासत में लेकर अदालत में पेश करने के बाद गिरफ्तार किया.
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2024 की रात करीब 8.30 से 9 बजे के बीच शिकायतकर्ता आकाश सीताराम रामटेके अपने मित्र यश रोडगे के साथ सातूर्णा रोड स्थित चांडक नाश्ता सेंटर गया था. उसी दौरान शशिकांत काटे, श्रेयस आवटे, तक्षदीप इंगले, मंथन पालनकर, दीपक ठाकूर और उनके अन्य साथी तीन मोटरसाइकिलों पर वहां पहुंचे. बताया गया कि पुराने विवाद के चलते आरोपियों ने यश रोडगे पर तलवार और चाकू से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंचे शिकायतकर्ता आकाश रामटेके पर भी तलवार से हमला कर उसे घायल कर दिया गया.
जानकारी के मुताबिक, इसके बाद आरोपी गंभीर रूप से घायल यश रोडगे को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गए. बाद में पुलिस को मिली गोपनीय जानकारी के आधार पर जांच में सामने आया कि आरोपियों ने यश रोडगे की हत्या कर उसका शव भातकुली नाका क्षेत्र के एक नाले में फेंक दिया था. इस मामले में शिकायतकर्ता की शिकायत पर राजापेठ पुलिस स्टेशन में धारा 302 सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था. घटना के बाद से मुख्य आरोपी शशिकांत काटे फरार था. लगातार तलाश के बाद राजापेठ पुलिस ने उसे कठोरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.