अज्ञात वाहन की टक्कर में एक मृत, दो घायल
वर्धा जिले के विरुल एक्सचेंज पुल के पास की घटना

वर्धा /दि.4 – समृद्धि महामार्ग के विरुल एक्सचेंज के पुल के नीचे एक अज्ञात वाहन ने दुपहिया को जोरदार टक्कर मारी. इस दुर्घटना में दुपहिया सवार की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. जबकि दो अन्य घायल हो गये. यह घटना सोमवार को घटित हुई. मृतक युवक का नाम विरुल ग्राम निवासी अक्षय उपासे (30) है. जबकि घायलों के नाम अभय आगलावे और आशीष नरांजे है.
जानकारी के मुताबिक मृतक युवक अक्षय और जख्मी अभय और आशीष यह अक्षय की दुपहिया क्रमांक एमएच-32/एआर-0856 पर सवार होकर पुलगांव गये थे. वहां से शाम को वापिस लौटते समय उनकी दुपहिया को आर्वी की तरफ से आने वाले एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में अक्षय उपासे की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. जबकि उसके दो साथी गंभीर रुप से घायल हो गये. घटना की जानकारी मिलते ही पुलगांव पुलिस घटनास्थल पहुंची. उन्होंने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया. विरुल एक्सचेंज पुल के पास अनेक दुर्घटनाएं घटित होने से समृद्धि से सफर करते समय नागरिकों में दहशत निर्माण होने लगी है. गत माह हुई एक भीषण दुर्घटना में 6 लोगों की मृत्यु हो गई थी. मई माह में चार लोगों की मृत्यु हुई थी.