टाइटन-सोनाटा के नाम पर नकली घड़ियों का कारोबार बेनकाब
चंद्रपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 659 नकली घड़ियां व पुर्जे जब्त

* कॉपीराइट और ट्रेडमार्क कानून के तहत मामला दर्ज
चंद्रपुर /दि.14- चंद्रपुर शहर में नामी ब्रांड टाइटन और सोनाटा के नाम पर नकली घड़ियों की बिक्री का बड़ा मामला सामने आया है. चंद्रपुर शहर पुलिस ने योगी वॉच सेंटर पर छापा मारकर 659 नकली घड़ियां और उनसे जुड़े पुर्जे जब्त किए हैं. इस मामले में दुकान संचालक किशोर नथुजी तेलरांडे (56) के खिलाफ कॉपीराइट और ट्रेडमार्क कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस के अनुसार, टाइटन कंपनी के उत्पादों की नकल कर उनकी बिक्री किए जाने की गोपनीय सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई. टाइटन ब्रांड से जुड़े बौद्धिक संपदा अधिकारों की सुरक्षा के लिए अधिकृत संस्था सिन्जी सॉलिसिटर एलएलपी के प्रतिनिधि गौरव श्यामनारायण तिवारी अपनी जांच टीम के साथ चंद्रपुर पहुंचे थे. प्रारंभिक जांच में सूचना सही पाए जाने पर उन्होंने पुलिस की मदद से छापेमारी की योजना बनाई.
12 अगस्त को पुलिस उपनिरीक्षक कपिल घुगे, प्रकाश नखाते तथा अन्य पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में योगी वॉच सेंटर की तलाशी ली गई. जांच के दौरान दुकान से बड़ी मात्रा में टाइटन और सोनाटा ब्रांड के नाम से तैयार नकली सामान बरामद हुआ. जब्त सामग्री में 403 नकली टाइटन डायल, 120 नकली सोनाटा डायल, 6 टाइटन घड़ियां, 12 सोनाटा घड़ियां, 19 टाइटन डायल केस, 32 सोनाटा डायल केस, 27 टाइटन चेन, 34 सोनाटा चेन, 6 सोनाटा घड़ियां (पट्टे सहित) शामिल हैं. कुल मिलाकर 659 नकली वस्तुएं जब्त की गईं.
जांच एजेंसियों का कहना है कि नामी कंपनियों के ब्रांड और ट्रेडमार्क का अवैध उपयोग कर ग्राहकों को भ्रमित किया जा रहा था. आरोप है कि आरोपी आर्थिक लाभ के लिए टाइटन और सोनाटा के नाम पर नकली उत्पादों का भंडारण और विक्रय कर रहा था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम, 1957 की धारा 51, 63 और 65 तथा ट्रेडमार्क अधिनियम, 1999 की धारा 103 और 104 के तहत मामला दर्ज किया है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली घड़ियां और पुर्जे कहां से लाए जा रहे थे, इनके निर्माण में कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या इस नेटवर्क के जरिए अन्य शहरों में भी नकली उत्पादों की आपूर्ति की जा रही थी. मामले की विस्तृत जांच चंद्रपुर शहर पुलिस कर रही है.





