सहायक पुलिस निरीक्षक ने की आत्महत्या
नागपुर शहर पुलिस दल में शोक की लहर

* स्वतंत्रता दिवस की रात सरकारी आवास में फांसी लगाकर जीवन समाप्त करने की घटना
नागपुर /दि.17- नागपुर शहर पुलिस दल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. नागपुर शहर पुलिस आयुक्तालय में कार्यरत सहायक पुलिस निरीक्षक ज्ञानेश्वर झोल ने स्वतंत्रता दिवस की रात अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली. कुछ महीने पहले ही वे नागपुर शहर पुलिस आयुक्तालय में सहायक पुलिस निरीक्षक के पद पर नियुक्त हुए थे. वर्तमान में वे पुलिस आयुक्तालय की आवेदन एवं प्रोटेक्शन शाखा में कार्यरत थे.
जानकारी के मुताबिक ज्ञानेश्वर झोल पुलिस कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे. 15 अगस्त को उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिनभर अपनी ड्यूटी निभाई. रात को घर लौटने के बाद परिवार के साथ भोजन किया और सोने चले गए. इसके बाद मध्यरात्रि के आसपास उन्होंने घर में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया. घटना की जानकारी उनकी पत्नी को होने के बाद उन्होंने शोर मचाया. आवाज सुनकर पड़ोसी तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद झोल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से ज्ञानेश्वर झोल कुछ तनाव में थे. हालांकि, उनके तनाव का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. घटनास्थल से किसी प्रकार की सुसाइड नोट मिलने की जानकारी नहीं है. पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है. आत्महत्या के पीछे व्यक्तिगत, पारिवारिक या अन्य कोई कारण था या नहीं, इसकी विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है. स्वतंत्रता दिवस के दिन ड्यूटी निभाने के बाद एक पुलिस अधिकारी द्वारा उठाए गए इस कदम से नागपुर शहर पुलिस विभाग में शोक की लहर है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे का वास्तविक कारण स्पष्ट होने की उम्मीद है.





