पांच दिन से लापता युवक-युवती के शव मोर्णा तालाब में मिले
प्रेम संबंध और विवाह को लेकर विरोध की चर्चा

* पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण होगा स्पष्ट
वाशिम/दि.19 – जिले के मालेगांव तहसील स्थित मोर्णा तालाब में मंगलवार शाम एक युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. दोनों पिछले पांच दिनों से लापता थे. तालाब में मछली पकड़ने गए नागरिकों को दोनों शव दिखाई देने के बाद मिली जानकारी के आधार पर मालेगांव पुलिस ने वह शव तालाब से बाहर निकाले. मृतकों के नाम महादेव निंबालकर (26) और निकिता कांबले (16) है.
जानकारी के मुताबिक महादेव निंबालकर और निकिता कांबले वाशिम जिले के मालेगांव तहसील में आने वाले गोकसांगवी गांव के रहने वाले है. दोनों 14 अगस्त से लापता थे. उनके परिजनों ने दोनों के लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी. पुलिस उनकी तलाश कर रही थी. इसी बीच मंगलवार को दोनों के शव मोर्णा तालाब में मिले. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इस मामले में मर्ग दर्ज किया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होने की संभावना है.
* प्रेम संबंध की चर्चा, विवाह का विरोध?
घटना के बाद इलाके में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की चर्चा है. सूत्रों के अनुसार, दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन उनके रिश्ते को परिवार की ओर से कथित तौर पर विरोध का सामना करना पड़ रहा था. जातिगत मतभेद के कारण विवाह को मंजूरी नहीं मिलने की भी चर्चा है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. दोनों के शव तालाब में मिलने के कारण यह सवाल उठ रहा है कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. मौत का कारण आत्महत्या, दुर्घटना या कोई अन्य परिस्थिति है, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा. मालेगांव पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.





