स्पीड ब्रेकर बना हादसे की वजह, कुछ ही घंटों में दो ट्रकों का एक्सीडेंट

मोर्शी शहर में दो हादसों से दिनभर यातायात प्रभावित; दोनों घटनाओं में जनहानि टली

मोर्शी /दि.21- शहर के सिंभोरा चौक और मोर्शी-वरुड मार्ग पर गुरुवार को स्पीड ब्रेकर के कारण कुछ ही घंटों के अंतराल में दो ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गए. एक हादसे में ट्रक पलट गया, जबकि दूसरे में स्पीड ब्रेकर क्षतिग्रस्त होने से यातायात प्रभावित हुआ. राहत की बात रही कि दोनों हादसों में किसी की जान नहीं गई.
पहली घटना तड़के करीब 4.30 बजे हुई. नांदेड जिले के हरदापुर से कच्चे केले लेकर एक ट्रक क्रमांक आरजे 11- जीबी – 2490 अमरावती से पांढुर्णा की ओर जा रहा था. सिंभोरा चौक पर स्पीड ब्रेकर से गुजरते समय ट्रक का मुख्य लोहे का बेल्ट टूट गया. इससे चालक का वाहन पर नियंत्रण छूट गया और ट्रक सड़क के डिवाइडर से टकराकर पलट गया. हादसे के बाद ट्रक में लदे केले सड़क पर बिखर गए. ट्रक का डीजल टैंक क्षतिग्रस्त होने की आशंका के चलते अमरावती की ओर जाने वाले यातायात को कुछ समय के लिए दूसरी दिशा से मोड़ा गया. तड़के का समय होने के कारण सड़क पर यातायात कम था, जिससे बड़ा हादसा टल गया. केले से भरे ट्रक को ग्वालीयर जिले के मोहपा निवासी संजय बघेल चला रहा था. उनके साथ मौजूद क्लीनर भी हादसे में सुरक्षित बच गया. ट्रक मध्यप्रदेश के शिपरी निवासी कल्याण सिंह धाकड़ का बताया गया है.

* दूसरे ट्रक का भी हुआ नुकसान
इसी दौरान मोर्शी-वरुड मार्ग के एक जंक्शन पर नागपुर की ओर जा रहा तूड़ी के बोरे से भरा एक अन्य ट्रक भी स्पीड ब्रेकर के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया. स्पीड ब्रेकर क्षतिग्रस्त होने के कारण सड़क पर यातायात बाधित हुआ और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. एक ही दिन में दो ट्रकों के दुर्घटनाग्रस्त होने से शहर में स्पीड ब्रेकर की स्थिति और उसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं. पूरे दिन यातायात प्रभावित रहने से मोर्शीकरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.

Back to top button