डफरीन अस्पताल में प्रसूति के कुछ घंटे बाद महिला की मौत

परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

* मौत का कारण बताने की मांग, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अमरावती /दि.27– डफरीन अस्पताल में अग्निकांड में तीन नवजातों की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि बुधवार को प्रसूति के कुछ घंटे बाद एक महिला की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शुरुआत में शव लेने से इनकार कर दिया. डॉक्टरों द्वारा मौत का कारण समझाए जाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए. मृतका का नाम मोर्शी तहसील के नेरपिंगलाई निवासी अफसाना परवीन अजील खान (35) है.
जानकारी के मुताबिक मृतक गर्भवती महिला को प्रसूति का समय करीब आने पर परिजनों ने मंगलवार दोपहर उन्हें डफरीन अस्पताल में भर्ती कराया था. बुधवार सुबह उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया. प्रसूति के कुछ घंटे बाद दोपहर करीब 1.30 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई. महिला की मौत के बाद परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए डॉक्टरों से मौत का कारण स्पष्ट करने की मांग की. परिजनों ने शुरुआत में शव अपने कब्जे में लेने से भी इनकार कर दिया. अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा मौत की वजह समझाए जाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए.
* अग्निकांड की जांच के बीच फिर मची हलचल
डफरीन अस्पताल में तीन नवजातों की मौत के मामले की जांच के लिए समिति बुधवार को अस्पताल पहुंची हुई थी. अस्पताल परिसर में नेताओं और अन्य लोगों की भी मौजूदगी थी. इसी दौरान प्रसूति के बाद महिला की मौत की खबर सामने आने से अस्पताल परिसर में एक बार फिर हलचल मच गई.
* पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का कारण स्पष्ट
परिजनों की सहमति के बाद महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए इर्विन अस्पताल भेजा गया. गाडगे नगर पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है. महिला की मौत उपचार में लापरवाही के कारण हुई या किसी अन्य चिकित्सकीय कारण से, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा.

Back to top button