मसालों की रानी इलायची हुई महंगी, कीमत पहुंची 4,800 रुपए किलो

एक महीने में 1 हजार रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी

* मिठाई और होटल कारोबारियों की लागत बढ़ी
अमरावती /दि.29 – रसोई में खास स्थान रखने वाली ‘मसालों की रानी’ इलायची के दाम में पिछले एक महीने में बड़ी तेजी आई है. अमरावती के थोक बाजार में इलायची की कीमत करीब 1 हजार रुपए प्रति किलो बढ़कर अब 4,800 रुपए तक पहुंच गई है. कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर मिठाई निर्माताओं, होटल-रेस्तरां संचालकों और घरेलू उपभोक्ताओं पर पड़ने की संभावना है.
इलायची का इस्तेमाल चाय, श्रीखंड, बासुंदी, खीर, मिठाइयों और विभिन्न मीठे व्यंजनों में बड़े पैमाने पर किया जाता है. होटल, रेस्टोरेंट और खान-पान से जुड़े व्यवसायों में भी इसकी नियमित मांग रहती है. ऐसे में कीमत बढ़ने से कारोबारियों की उत्पादन लागत बढ़ने के साथ ही ग्राहकों की जेब पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है.
* एक महीने में 1 हजार रुपए की बढ़ोतरी
स्थानीय थोक बाजार में करीब एक महीने पहले इलायची 3,800 रुपए प्रति किलो बिक रही थी. अब इसकी कीमत बढ़कर करीब 4,800 रुपए प्रति किलो हो गई है. यानी सिर्फ एक महीने में कीमत में लगभग 1 हजार रुपए प्रति किलो की वृद्धि हुई है.
* त्योहारों में मांग बढ़ने की संभावना
गणेशोत्सव से शुरू होने वाले त्यौहारों के मौसम में मिठाइयों और विभिन्न मीठे व्यंजनों की मांग बढ़ जाती है. ऐसे में इलायची की खपत भी बढ़ने की संभावना है. कारोबारियों का कहना है कि मांग और आवक के आधार पर आने वाले दिनों में कीमतों में और उतार-चढ़ाव हो सकता है. स्पाइसेस बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, अच्छी गुणवत्ता और बड़े आकार की इलायची ऊंचे दामों पर बिक रही है. 20 अगस्त की नीलामी में अधिकतम कीमत करीब 4,740 रुपए प्रति किलो और 21 अगस्त की नीलामी में 4,800 रुपए प्रति किलो तक पहुंची थी.
* छोटी मात्रा में खरीदारी भी महंगी
इलायची की बढ़ती कीमत का असर कम मात्रा में खरीदारी करने वाले ग्राहकों पर भी दिखाई दे रहा है. बाजार में खुदरा कीमत करीब 5 हजार रुपए प्रति किलो तक पहुंचने की स्थिति में 10 ग्राम इलायची के लिए करीब 50 रुपए या उससे अधिक खर्च करना पड़ सकता है. इसी तरह एक तोला इलायची की कीमत भी लगभग 40 से 55 रुपए तक पहुंच सकती है.
* खाने के बाद भी होता है इस्तेमाल
इलायची का उपयोग केवल खाना और मिठाई बनाने तक सीमित नहीं है. होटल, रेस्टोरेंट और खान-पान की दुकानों में भोजन के बाद मुंह की ताजगी के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जाता है. इसलिए इसके दाम बढ़ने से व्यावसायिक इस्तेमाल की लागत भी बढ़ रही है. अनिल खरपे, मसाला विक्रेता, अमरावती ने बताया कि फिलहाल अच्छी इलायची महंगी बिक रही है. त्यौहारों के दौरान मांग बढ़ने पर कीमत और बढ़ सकती है, हालांकि दिवाली के आसपास बाजार में आवक बढ़ने पर दाम में कुछ कमी आने की संभावना भी रहती है.

Back to top button