अकोला में 11.82 लाख का मिलावटी 7,026 किलो तेल जब्त

एमआईडीसी में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

अकोला/दि.31 शहर के एमआईडीसी क्षेत्र में खाद्य एवं औषध प्रशासन विभाग ने 26 अगस्त को दो प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की. जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 7,026 किलोग्राम तेल, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 11 लाख 82 हजार रुपये है, जब्त किया गया. गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद दोनों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस भी अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं.
जानकारी के मुताबिक खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रभुदयाल लक्ष्मीनारायण प्रतिष्ठान की जांच के दौरान रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना लिया. जांच में तेल में मिलावट की आशंका, प्रयोगशाला जांच की आवश्यक सुविधा का अभाव, जरूरी रिपोर्ट उपलब्ध न होना तथा स्वीकृत अनुमति से अलग तरीके से तेल की बिक्री किए जाने जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. इसके बाद अधिकारियों ने 3,428 किलोग्राम तेल, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 21 हजार रुपये है, जब्त कर लिया. इसी तरह भारतकुमार एंड ब्रदर्स प्रतिष्ठान की जांच में भी बड़ी मात्रा में तेल का भंडार पाया गया. यहां से खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने 3,598 किलोग्राम तेल, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 61 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किया. बताया गया है कि दोनों प्रतिष्ठान खाद्य एवं औषध प्रशासन से पुनःपैकर के रूप में लाइसेंस प्राप्त हैं. जांच के दौरान गंभीर कमियां पाए जाने के बाद विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं. जब्त किए गए तेल के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. खाद्य एवं औषध प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद्य पदार्थों में मिलावट और नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.

Back to top button