रक्षाबंधन पर अमरावती को मिली 25 नई ‘मां जिजाऊ’ एसटी बसों की सौगात
विधायक रवि राणा ने खुद बस चलाकर किया शुभारंभ

* मुख्यमंत्री फडणवीस का जताया आभार
अमरावती/दि.31– रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अमरावती जिले की महिलाओं और आम यात्रियों को राज्य सरकार की ओर से 25 नई एसटी बसों की सौगात मिली है. इन बसों को ‘मां जिजाऊ’ नाम दिया गया है. नई बसों से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होगा.
बडनेरा बस डिपो में इनमें से 5 नई एसटी बसों के लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक रवि राणा ने किया. खास बात यह रही कि विधायक राणा ने खुद नई एसटी बस का स्टेयरिंग संभालकर बस चलाते हुए सेवा का शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने जिले की सभी ‘लाड़ली बहनों’ की ओर से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का आभार व्यक्त किया और उपस्थित महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं. विधायक रवि राणा ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए गांव-गांव से यात्रा करती हैं. ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को समय पर, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई बसें सेवा में शामिल की गई हैं. उन्होंने कहा कि ‘मां जिजाऊ’ नाम से शुरू की गई ये बसें महिला सशक्तीकरण और सुरक्षित यात्रा का प्रतीक बनेंगी. उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अमरावती जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले तथा परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक का विशेष आभार व्यक्त किया.
जिले के लिए उपलब्ध कराई गई 25 नई बसों में से 5 बसें बडनेरा डिपो में पहुंची हैं. इन नई बसों के कारण जिले की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी तथा विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा. कार्यक्रम में एसटी के डीसी सचिन क्षीरसागर, उपमहापौर सचिन भेंडे, नगरसेवक अजय जयस्वाल, गुटनेता नाना आमले, नगरसेवक किशोर जाधव, नगरसेविका रजनी डोंगरे, नगरसेविका गौरी मेघवानी, नगरसेविका मीरा कांबले तथा बडनेरा डिपो प्रबंधक पवन देशमुख सहित पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे.





