एक युवक की हत्या, दूसरा गंभीर घायल

बडनेरा के आठवड़ी बाजार में दिनदहाड़े खूनी संघर्ष

* पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप, 8 युवकों पर मामला दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार
* सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
* सोमवार साप्ताहिक बाजार रहने से पुलिस का तगडा बंदोबस्त
अमरावती/दि.31 – बडनेरा शहर के आठवड़ी बाजार परिसर में रविवार 30 अगस्त को अपरान्ह 4 बजे के दौरान हुई खूनी वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया, जिसमें 7 से 8 हमलावरों ने दो युवकों पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में मौत से संघर्ष कर रहा है. मृतक युवक का नाम अमरावती शहर के गुलिस्ता नगर परिसर के पाकिजा कालोनी निवासी शेख कासीम शेख शकील (22) है. जबकि जख्मी युवक का नाम बडनेरा निवासी शोएब शा सरदार शा (19) है. पुलिस ने कुल 8 लोगों पर मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी का नाम अंसार खान रोशन खान है. आज सोमवार को बडनेरा शहर में साप्ताहिक बाजार रहने से शांति सुव्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस का तगडा बंदोबस्त तैनात किया गया है.
जानकारी के मुताबिक यह घटना बडनेरा शहर के नई बस्ती परिसर के शिवाजी चौक स्थित देशी शराब के पास हुई. बताया जाता है कि मृतक शेख कासीम और घायल युवक शोएब शा का कुछ लोगों के साथ पहले से विवाद चल रहा था. इस विवाद के चलते रविवार 30 अगस्त को दोनों ने देशी शराब दुकान में घुसकर विवाद किया. शेख कासीम ने शराब दुकान में काम करने वाले कर्मचारी सुभान के साथ भी तूतूमैमै की. किसी तरह इस विवाद को शांत किया गया. लेकिन बाद में फिर से दोनों युवक दुकान में पहुंचे और उन्होंने भारी तोडफोड की. शराब की बोतले भी फोड दी और वहां से चले गये. इस घटना के दो घंटे बाद यह युवक हाथों में चाकू लेकर वहां पहुंचे. तब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप धारण कर लिया और आरोपियों ने धारदार हथियारों से हमला बोल दिया. हमले में गुलिस्ता नगर निवासी शेख कासिम गंभीर रूप से घायल हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 7 से 8 हमलावरों ने उस पर वार किये, इस हमले में शेख कासीम और शोएब शा गंभीर रुप से घायल हो गये. हमला होते ही देशी शराब दुकान सहित क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. इस हमले में शेख कासीम और शोएब शा लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद शेख कासीम को मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही बडनेरा पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल आ पहुंचा. जख्मी शोएब शा को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया. जहां उसकी हालत चिंताजनक बतायी जाती है. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी की. वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर जब्त किये गये. घटना के बाद आठवड़ी बाजार, शिवाजी चौक और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बन गया था. किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बंदोबस्त तैनात किया और स्थिति पर लगातार नजर रखी है. घटना की जानकारी मिलते ही क्राइम ब्रांच के दल समेत फॉरेंसिक दल, पुलिस उपायुक्त प्रांजली सोनवणे ने भी घटनास्थल भेंट दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में हत्या, हत्या के प्रयास तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. मामले की जांच बडनेरा के थानेदार हनमंत उरलागोंडावार के नेतृत्व में पुलिस आगे कर रही है.
* पुलिस आयुक्त ने भी किया जायजा
बडनेरा के शिवाजी चौक में देशी शराब दुकान के पास दिनदहाडे हुई हत्या के बाद पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने भी घटनास्थल पहुंचकर वहां का जायजा किया. उन्होंने फरार आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने के आदेश दिये है. फॉरेंसिक दल की रात 9 बजे तक कार्रवाई शुरु थी.
* देशी शराब दुकान का मैनेजर गिरफ्तार
शेख कासीम हत्याकांड में पुलिस ने देशी शराब दुकान के मालिक अंसार खान रोशन खान को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक और जख्मी ने अंसार खान से ही विवाद किया था. रविवार के पूर्व हुए विवाद के बाद शेख कासीम फिर से उससे विवाद करने पहुंचा था. दोपहर के समय हुए विवाद के बाद उसे समझाकर भेज दिया गया था. लेकिन बाद में हुए विवाद में खूनी संघर्ष हुआ और उसकी जान चली गई.
* 8 लोगों पर मामला दर्ज
बडनेरा पुलिस ने सीसीटीवी फूटेज के आधार पर अंसार खान रोशन खान, इरफान खान, जिया, फरदीन, रेहान उर्फ रिजवान, अरबाज, फराज और मोहम्मद रजा के खिलाफ मामला दर्ज किया है. फरार आरोपियों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है. दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय नागरिकों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.
* डीसीपी प्रांजली सोनवणे का बडनेरा डेरा
आज बडनेरा में सोमवार साप्ताहिक बाजार रहने से आसपास के ग्रामीण बडी संख्या में बाजार करने के लिए आते है. शेख कासीम हत्याकांड के बाद कानून व सुव्यवस्था अबाधित रखने के लिए पुलिस का तगडा बंदोबस्त तैनात किया गया है. साथ ही पुलिस उपायुक्त प्रांजली सोनवणे ने बडनेरा पुलिस स्टेशन में डेरा जमा रखा है और स्थिति पर नजर रखे हुए है.
* मृतक युवक था परिवार का इकलौता बेटा
सूत्रों के मुताबिक शेख कासीम बडनेरा शहर में अपनी मौसी से मिलने आता था. रविवार को भी वह अपनी मौसी के यहां आया था. लेकिन पुराने विवाद के चलते वह देशी शराब दुकान में पहुंच गया और वहां हुए विवाद के चलते उसकी हत्या कर दी गई. बताया जाता है कि, शेख कासीम ठेकेदारी का काम करता था. पिता बीमार रहने से उस पर ही परिवार के पालन-पोषण की जिम्मेदारी थी. हमले में उसकी मृत्यु होने की जानकारी मिलने के बाद गुलिस्ता नगर परिसर के नागरिक व रिश्तेदार बडी संख्या में अस्पताल पहुंच गये थे. मामले की जांच बडनेरा पुलिस आगे कर रही है.

Back to top button