पालकमंत्री बावनकुले आज शाम अमरावती में
डफरीन हादसे के बाद पहली विजिट

अमरावती/दि.31 – ठीक सप्ताहभर पहले हुए जिला स्त्री अस्पताल (डफरीन) के एनआईसीयू हादसे के बाद पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले आज शाम अमरावती पधार रहे हैं. वे पुणे से विमान से अमरावती आएंगे. यहां विविध बैठके और मुलाकात पश्चात रात में ही पालकमंत्री बावनकुले के नागपुर प्रस्थान करने का कार्यक्रम जिला माहिती कार्यालय द्वारा जारी दौरा कार्यक्रम में उल्लेखित है.
पालकमंत्री की डफरीन हादसे के पश्चात पहली विजिट होने से और दुर्घटना को पूरे आठ दिन बीत जाने के बाद के अपडेट के साथ जिला प्रशासन में आज सबेरे से ही हलचल देखी गई. बता दें कि, दुर्घटना की रोज प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर आनन-फानन में अमरावती पहुंचे थे. उन्होंने आठ दिनों के भीतर दुर्घटना के कारणों की जांच का ऐलान किया था. वह आठ दिन पूर्ण हो चुके हैं. ऐसे में जांच समिति की रिपोर्ट का सभी को बेताबी से इंतजार है. इसी बीच पालकमंत्री के आज शाम अमरावती पधारने से प्रशासनिक और राजकीय गतिविधियां देखी गई.
डफरीन हादसा हुआ उस समय पालकमंत्री बावनकुले राजस्थान के दौरे पर थे. बीजेपी संगठन ने चंद्रशेखर बावनकुले को राजस्थान निकाय चुनाव का प्रभारी बनाया है. ऐसे में वहां पार्टी मिटिंगों और कार्यक्रमों में बावनकुले ने भाग लिया, मार्गदर्शन किया. विपक्ष ने उनके राजस्थान दौरे को जारी रखने की बात पर सरकार को घेरा था.