घर के सामने हल्दी का घेरा, आटे की गुड़िया और नींबू

संदिग्ध पूजा से नागपुर में खलबली

नागपुर/दि.15– गणेशोत्सव के बीच नागपुर जिले के नांदगांव में घर के सामने संदिग्ध तरीके से पूजा सामग्री रखे जाने का मामला सामने आया है. घर के आंगन के सामने हल्दी से घेरा बनाकर उस पर आटे की गुड़िया, हल्दी-कुंकू और कटे हुए नींबू रखे गए थे. इस घटना के बाद गांव में चर्चा और अफवाहों का दौर शुरू हो गया.
जानकारी के अनुसार, सोमवार 14 सितंबर की सुबह ग्राम पंचायत कार्यालय के सामने रहने वाले विजय मिसाल के घर के पास यह सामग्री दिखाई दी. अज्ञात व्यक्ति द्वारा कथित रूप से रांगोली से घेरा बनाकर उसके भीतर चांदनी के आकार में हल्दी-कुंकू डाला गया था. इसके बाद वहां आटे की गुड़िया और कटे हुए नींबू रखे गए थे. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. अखिल भारतीय अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के पदाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की. पुलिस तथा समिति के पदाधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने और अंधविश्वास का शिकार नहीं होने की अपील की.
* पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
ग्रामीणों के अनुसार, नांद परिसर में इस तरह की घटना पहले भी सामने आ चुकी है. बार-बार ऐसी घटनाएं होने से नागरिकों में चिंता का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस से इस मामले की जांच कर इसके पीछे कौन है, इसका पता लगाने की मांग की है.
* कुही में भी दर्ज हुआ था मामला
कुछ दिन पहले कुही तहसील के सालवा गांव की श्मशानभूमि में भी इसी तरह का मामला सामने आया था. एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार के बाद उसकी राख के पास पीले कपड़े की गुड़िया और घर के सामने कटे हुए नींबू रखे गए थे. इस मामले में कुही पुलिस ने कथित तांत्रिक रामनरेश नत्थू विश्वकर्मा (58) के खिलाफ अंधश्रद्धा एवं जादूटोणा विरोधी कानून के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था.

Back to top button