21 वर्षीय युवक के खिलाफ पॉक्सो में मामला दर्ज
16 वर्षीय छात्रा ने दर्ज करायी थी शिकायत

नागपुर/दि.22– इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई दोस्ती के बाद नाबालिग छात्रा के साथ कथित रूप से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद 16 वर्ष 11 माह की छात्रा चार माह की गर्भवती पाई गई. शिकायत के आधार पर एमआईडीसी पुलिस ने चंद्रपुर जिले के 21 वर्षीय युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
* सोशल मीडिया के जरिए हुई थी पहचान
एमआईडीसी पुलिस के अनुसार, पीड़ित छात्रा शहर के एक महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही है. उसकी आरोपी युवक से इंस्टाग्राम के माध्यम से पहचान हुई थी. पुलिस के मुताबिक, 30 अप्रैल को आरोपी ने कथित रूप से उसे चारपहिया वाहन से हिंगणा क्षेत्र स्थित एक स्थान पर ले गया, जहां वाहन में उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए जाने का आरोप है.
* पेट दर्द की शिकायत के बाद सामने आया मामला
कुछ दिन पहले छात्रा ने पेट में दर्द होने की शिकायत अपने माता-पिता से की. इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए. चिकित्सकीय जांच के दौरान उसके चार माह की गर्भवती होने की जानकारी सामने आई. यह जानकारी मिलने के बाद परिजन स्तब्ध रह गए. इसके बाद छात्रा की शिकायत पर एमआईडीसी पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4, 6, 8 और 12 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.





