कुत्ते के मुंह में पॉलिथीन देखकर महिला के उड़े होश, बाग में मिला सिर कटा भ्रूण
करीब 4 से 5 माह का बताया जा रहा भ्रूण

योगीराज नगर-शिव कॉलोनी में सनसनी, गाडगेनगर पुलिस जांच में जुटी
अमरावती /दि.5 – शहर के गाडगेनगर पुलिस थाना क्षेत्र में रविवार को एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई. योगीराज नगर स्थित शिव कॉलोनी परिसर के एक खाली प्लॉट की बाग में मानव भ्रूण के क्षत-विक्षत अवशेष मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. बरामद भ्रूण करीब 4 से 5 माह का होने का अनुमान लगाया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही गाडगेनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
जानकारी के मुताबिक रविवार को योगीराज नगर-शिव कॉलोनी स्थित खाली प्लॉट की बाग में एक महिला पेड़-पौधों को पानी दे रही थी. इसी दौरान उसकी नजर वहां खेल रहे कुछ कुत्ते के पिल्लों पर पड़ी. एक पिल्ले के मुंह में पॉलिथीन दिखाई दी. महिला को शुरुआत में लगा कि पॉलिथीन में कोई लाल रंग का रबर का खिलौना या अन्य वस्तु होगी. बताया जाता है कि पिल्ले ने मुंह में पकड़ी वस्तु को केले के पेड़ के नीचे डाल दिया और उसे चबाने लगा. जब महिला ने पास जाकर देखा तो उसे वस्तु खून जैसी लाल दिखाई दी. संदेह होने पर उसने गौर से देखा तो उसके होश उड़ गए.
* हाथ-पैर और धड़ मिला, सिर गायब
महिला ने देखा कि वहां मानव भ्रूण के हाथ-पैर और धड़ के अवशेष पड़े हुए थे, जबकि उसका सिर गायब था. घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही गाडगेनगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे परिसर का निरीक्षण किया. पुलिस ने बरामद अवशेषों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.
* अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
महिला की शिकायत के आधार पर गाडगेनगर पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि भ्रूण किसका है, उसे वहां कौन लेकर आया और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या है.
* सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने भ्रूण को पॉलिथीन में डालकर खाली प्लॉट की बाग में फेंका होगा. हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि भ्रूण को वहां कौन और किन परिस्थितियों में लेकर आया था. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. साथ ही पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले और बाद में परिसर में कौन-कौन लोग आए थे. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. बरामद अवशेषों की जांच और अन्य आवश्यक प्रक्रिया के बाद मामले में आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है.





