शराब नहीं लाया तो बुजुर्ग को लाठियों से पीटा
दो आरोपियों ने गाली-गलौज कर दी जान से मारने की धमकी

* सेवाग्राम पुलिस ने दर्ज किया मामला
वर्धा/दि.7- शराब लाकर नहीं देने से नाराज दो लोगों ने 62 वर्षीय बुजुर्ग के साथ सड़क पर लाठियों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. घटना के बाद सेवाग्राम पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक सोंडलापुर निवासी वासुदेव तनबाजी घुमे (62) अपने घर के सामने सार्वजनिक सड़क पर खड़े थे. इसी दौरान सोंडलापुरी निवासी संदीप नेहारे और करंजी भोगे निवासी नरेश नेहारे वहां पहुंचे. दोनों ने वासुदेव से शराब लाकर देने को कहा. वासुदेव ने शराब बेचने से इनकार करते हुए कहा कि जब वह शराब नहीं बेचते तो शराब कहां से लाकर देंगे. इस बात से नाराज दोनों आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठियों से मारपीट की. इतना ही नहीं, आरोपियों ने दोबारा गांव में दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी भी दी. घटना के बाद वासुदेव ने सेवाग्राम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.





