सौरभ कटियार एमपीएससी के सचिव पद पर नियुक्त

पेपर लीक प्रकरण के बीच महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

* अध्यक्ष विवेक भीमनवार के अवकाश पर जाने से अतिरिक्त प्रभार सौंपने की प्रक्रिया भी शुरू
पुणे /दि.15– महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) पेपर लीक प्रकरण को लेकर विवादों में घिरा हुआ है. इस पृष्ठभूमि में आयोग में बड़े प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं. आयोग के सचिव महेंद्र हरपालकर का तबादला कर दिया गया है. उनके स्थान पर मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी सौरभ कटियार को सचिव पद का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है. इसी बीच आयोग के मौजूदा अध्यक्ष विवेक भीमनवार के अवकाश पर जाने के कारण अध्यक्ष पद का अतिरिक्त कार्यभार भी आयोग के किसी अन्य सदस्य को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई है. पेपर लीक प्रकरण की जांच और उस पर सरकार के अंतिम निर्णय में लगने वाले समय को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है.
* पेपर लीक की जांच के लिए विशेष समिति गठित
इस बहुचर्चित पेपर लीक प्रकरण की गहन जांच के लिए राज्य सरकार ने न्यायमूर्ति दिलीप भोसले की अध्यक्षता में एक विशेष समिति गठित की है. समिति को जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए दो महीने का समय दिया गया है. समिति की रिपोर्ट आने और उसके आधार पर सरकार द्वारा अंतिम निर्णय लिए जाने में लगने वाले संभावित समय को ध्यान में रखते हुए आयोग के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार किसी अन्य सदस्य को सौंपने की तैयारी की जा रही है. पेपर लीक प्रकरण के चलते आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. ऐसे में सचिव पद पर नई नियुक्ति और अध्यक्ष की अनुपस्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था को आयोग के प्रशासनिक कामकाज की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Back to top button