अंबानगरी में साकार होगा हिन्दु हृदय सम्राट बालासाहब ठाकरे का भव्य स्मारक
4 वर्षो से अधर में लटके वडाली पर्यटन उद्यान प्रकल्प को जल्द मिलेगी गति

* पार्षद दिनेश बूब के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने मनपा आयुक्त से की चर्चा
अमरावती /दि.6 – अमरावती शहर के पयर्टन विकास को नई पहचान देनेवाले तथा हिन्दू हृदय सम्राट स्व. बालासाहब ठाकरे की स्मृतियों का जतन करनेवाले महत्वकांक्षी प्रकल्प को अब प्रत्यक्ष साकार करने की दिशा में गतिविधियां तेज होने लगी है और विगत 4 वर्षो से अधर में लटके वडाली पर्यटन उद्यान प्रकल्प को जल्द ही गति मिलने के पूरे आसार नजर आ रहे है. गत रोज ही इस विषय को लेकर मनपा पार्षद दिनेश बूब के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा से मुलाकात करते हुए चर्चा की.
बता दें कि शिवसेना प्रमुख स्व. बालासाहब ठाकरे का ननीहाल अमरावती जिले में ही रहा और बालासाहब ठाकरे का अपने जीवनकाल के दौरान अनेकों बार अमरावती आना- जाना भी रहा. लेकिन इसके बावजूद उनकी स्मृतियों को संजोने हेतु अमरावती शहर में आज तक कोई स्मारक नहीं बनाया गया. इस कमी को दूर करने हेतु वडाली तालाब परिसर में हिन्दू हृदय सम्राट बालासाहब ठाकरे का भव्य स्मारक बनाने व अत्याधुनिक पर्यटन उद्यान शुरू करने की संकल्पना कई वर्ष पहले सामने रखी गई थी. लेकिन इसके बावजूद यह प्रस्ताव अधर में ही लटका रहा. इसे लेकर शिवसेना के जिला प्रमुख व मनपा पार्षद दिनेश बूब के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने गत रोज मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की.
इस बैठक में प्रकल्प की मौजूदा स्थिति, सरकार व प्रशासन स्तर पर मंजूरी, निधि, विस्तृत प्रकल्प रिपोर्ट (डीपीआर) तथा अगली प्रशासकीय कार्रवाई जैसे मुद्दों को लेकर सकारात्मक चर्चा की गई. साथ ही आयुक्त वर्षा लढ्ढा को बताया गया कि विगत अनेक वर्षो से वडाली उद्यान का विकास अधर में लटका हुआ है. सन 2020-21 में वडाली तालाब परिसर की दयनीय अवस्था को ध्यान में रखते हुए शिवटेकडी की तरह ही वहां पर वैश्विक स्तर का पर्यटन उद्यान स्थापित करने की संकल्पना रखी गई थी. मनपा के तत्कालीन सभागृह नेता तुषार भारतीय ने इसके लिए डीपीआर तैयार करने का प्रस्ताव दिया था. इस प्रस्ताव के लिए 4 सदस्यीय समिति भी स्थापित की गई और इस समिति की पहली बैठक तत्कालीन पालकमंत्री यशोमती ठाकुर की उपस्थिति में संपन्न हुई थी. जिसके बाद इस विषय को लेकर कई बैठकें हुई, विविध स्तरों पर चर्चा हुई. परंतु कोई प्रशासकीय हलचल नहीं होने के चलते यह प्रकल्प आगे नहीं सरक पाया. साथ ही जून 2022 तथा नवंबर 2024 में राज्य में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद यह महत्वपूर्ण प्रस्ताव अधर में ही लटका रह गया.
गत रोज हुई बैठक के दौरान मनपा आयुक्त ने प्रकल्प के संदर्भ में मंजूर प्रस्ताव, निधि की उपलब्धता एवं अन्य प्रशासकीय बातों की पडताल करते हुए आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. इसके चलते कई वर्षो से अधर में लटके वडाली पर्यटन उद्यान को आखिरकार नवसंजीवनी मिलने की आशा निर्माण हुई है. इस बैठक में मनपा गट नेता डॉ. राजेंद्र तायडे, पार्षद दिनेश बूब, शिवसेना के प्रभारी जिला प्रमुख संतोष बद्रे तथा आशीष लुल्ला, अजय महल्ले, विकेश गव्हाले व नीतेश शर्मा सहित शिवसेना के पदाधिकारी बडी संख्या में उपस्थित थे.





