जन्म प्रमाण पत्र की समस्याओं को लेकर मनपा में हुई बैठक
शीघ्र समाधान का आश्वासन

अमरावती/दि.15– राजवीर जनहित संघटना के संस्थापक अध्यक्ष रहमत खान उर्फ रम्मू पत्रकार के नेतृत्व में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याओं को लेकर महानगरपालिका में एक बैठक आयोजित की गई. बैठक में आरोग्य अधिकारी डॉ. विशाल काले, डॉ. प्रतिभा आत्राम तथा संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे. रहमत खान ने जन्म प्रमाण पत्र जारी करने में हो रही देरी, नामों की त्रुटियां, लंबित प्रकरणों तथा विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर अधिकारियों से जवाब-तलब किया. उन्होंने विशेष रूप से मुस्लिम बहुल क्षेत्रों और बडनेरा के नागरिकों को हो रही परेशानियों का मुद्दा उठाया.
बैठक में अधिकारियों ने 5 हजार से अधिक लंबित जन्म प्रमाण पत्रों का शीघ्र निपटारा करने, जोन क्रमांक-5 में मुस्लिम ऑपरेटर की नियुक्ति करने तथा नामों की त्रुटियों के सुधार हेतु नागरिकों को अनावश्यक रूप से एफिडेविट लाने के लिए बाध्य नहीं करने का आश्वासन दिया. अधिकारियों ने यह भी कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. बैठक में राजवीर जनहित संघटना के पदाधिकारी एवं मनपा के अधिकारी उपस्थित थे.