समृद्धि महामार्ग पर इंसानियत की मिसाल

12 ट्रक चालकों ने बचाई घायल चालक की जान

बुलढाणा/दि.13- हिंदुहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे समृद्धि महामार्ग पर शुक्रवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे के बाद ट्रक चालकों ने मानवता और एकजुटता की मिसाल पेश करते हुए एक घायल चालक की जान बचा ली. गंभीर रूप से घायल चालक ट्रेलर के क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गया था, जिसे करीब 10 से 12 ट्रक चालकों ने मिलकर सुरक्षित बाहर निकाला.
जानकारी के अनुसार, नागपुर से मुंबई की ओर माल लेकर जा रहा ट्रेलर (एमएच-46 डीसी-1152) मेहकर के पास मुंबई कॉरिडोर के चैनेज क्रमांक 287.200 क्षेत्र से गुजर रहा था. इसी दौरान उसके आगे चल रहे आयशर ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए. इसके चलते पीछे से आ रहे ट्रेलर ने आयशर को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वसीम अहमद (40), निवासी प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश केबिन में फंस गए. गंभीर रूप से घायल वसीम अहमद खून से लथपथ हालत में मदद के लिए आवाज लगाने लगे. सौभाग्य से वहां से गुजर रहे एक ट्रक चालक ने उनकी आवाज सुनकर तुरंत अपना वाहन रोका और बचाव कार्य शुरू किया. कुछ ही देर में अन्य ट्रक चालक भी मौके पर पहुंच गए. सभी ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला.
घटना की सूचना मिलते ही समृद्धि महामार्ग पुलिस केंद्र के सहायक पुलिस निरीक्षक संदीप इंगले के नेतृत्व में पुलिस दल तथा मेहकर पुलिस मौके पर पहुंची. घायल चालक को तत्काल मेहकर ग्रामीण अस्पताल भेजा गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगे के इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया. दुर्घटना के बाद पुलिस और महामार्ग प्रशासन ने यातायात व्यवस्था सुचारू करने के लिए आवश्यक कदम उठाए. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर कुछ ही समय में यातायात सामान्य कर दिया गया. इस घटना में ट्रक चालकों द्वारा दिखाई गई तत्परता, सहयोग और मानवता की भावना की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है. समय पर मिली मदद के कारण एक गंभीर रूप से घायल चालक की जान बच सकी, जिससे समृद्धि महामार्ग पर इंसानियत की एक प्रेरणादायी मिसाल देखने को मिली.

Back to top button