अमरावती-मुंबई विमान सेवा में बदलाव, अब सप्ताह में चार दिन रहेगी उडान

25 अगस्त से 30 सितंबर के लिए जारी हुआ नया शेड्यूल

* अलाइंस एयर की तकनीकी दिक्ततों के चलते लिया निर्णय
* एमएडीसी के एमडी दीपक कपूर ने एक्स पोस्ट पर दी जानकारी
अमरावती/दि.21 – समीपस्थ बेलोरा स्थित अमरावती विमानतल से मुंबई के लिए शुरू रहनेवाली विमानसेवा के टाइमटेबल में एक बार फिर एक बडा बदलाव किया गया है. जिसके तहत 25 अगस्त से 30 सितंबर की कालावधि दौरान अमरावती-मुंबई विमान सेवा सप्ताह में केवल चार दिन ही उपलब्ध रहने की अधिकृत घोषणा महाराष्ट्र विमानतल विकास कंपनी के उपाध्यक्ष व व्यवस्थापकीय संचालक दीपक कपूर ने गत रोज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए दी. जिसमें बताया गया कि अलाइंस एयर के कुछ अंतर्गत तकनीकी कारणों के चलते यह बदलाव किया गया है और अब सोमवार, बुधवार, शुक्रवार व रविवार ऐसे सप्ताह में चार दिन ही अमरावती-मुंबई विमान सेवा उपलब्ध रहेगी.
बता दें कि 16 अप्रैल 2025 से अप्रैल 2026 तक अमरावती से मुंबई के बीच अलाइंस एयर कंपनी द्बारा सप्ताह में चार दिन हवाई सेवा उपलब्ध कराई जा रही थी. यात्रियों के बढते प्रतिसाद को देखते हुए मई 2026 के बाद इस विमान सेवा का विस्तार करते हुए उसे सप्ताह में पांच दिन कर दिया गया. परंतु अब कुछ तकनीकी दिक्कतों के चलते 25 अगस्त से हवाई उडानों की संख्या में एक बार फिर कटौती की गई है.
यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि अमरावती शहर सहित जिले एवं आसपास के परिसर से मुंबई आने जानेवाले यात्रियों की संख्या अच्छी खासी रहती है. यही वजह है कि मुंबई जानेवाली सभी रेलगाडियां हमेशा ही हाउसफुल चलती है और अमरावती से मुंबई के लिए हवाई सेवा शुरू होते ही हवाई यात्रियों की संख्या भी काफी हद तक समाधानकारक रही है. ऐसे में अमरावती विमानतल से मिलने वाले राजस्व एवं यात्रियों के भरपूर प्रतिसाद को बावजूद केवल विमान कंपनी की तांत्रिक दिक्कतों के चलते हवाई उडानों को मर्यादित रखना पड रहा है, ऐसा एमएडीसी के एमडी दीपक कपूर द्बारा अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए स्पष्ट किया गया है.
इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस समय घोषित किया गया नया टाइमटेबल 25 अगस्त से 30 सितंबर तक यानी सवा महीने की कालावधि के लिए ही लागू रहेगा. ऐसे में अक्तूबर माह से नवरात्र सहित दशहरा व दीपावली पर्व के समय यात्रियों की संख्या व भीड बढने की संभावना को ध्यान में रखते हुए अमरावती-मुंबई विमानसेवा को पूरी क्षमता के साथ यानी सप्ताह में 5 अथवा 6 दिन चलाया जाता है या नही, इस बात की ओर अमरावतीवासियों का ध्यान लगा हुआ है.

Back to top button