कर्जमाफी योजना के लिए तीन लाख किसानों का डेटा शासन को भेजा गया

अमरावती के किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

अमरावती /दि.30– राज्य सरकार की पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना-2026 के तहत अमरावती जिले के करीब तीन लाख किसानों की जानकारी शासन को भेज दी गई है. इस योजना के तहत दो लाख से अधिक बकाया कर्ज वाले किसानों को कर्जमाफी तथा नियमित रूप से कर्ज चुकाने वाले 93 हजार से अधिक किसानों को प्रोत्साहन राशि का लाभ मिलेगा.
जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार जिले की 12 प्रमुख बैंकों के 2 लाख 2 हजार 167 किसान खाते दो लाख रुपये तक की कर्जमाफी के पात्र पाए गए हैं. इसके लिए लगभग 2,338 करोड़ रुपये की राशि प्रस्तावित की गई है. वहीं समय पर कर्ज चुकाने वाले 93 हजार 139 किसानों को 50 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, जिसके लिए 524 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है.
बैंकवार आंकड़ों के अनुसार जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के सर्वाधिक 71,655 किसान खातों को करीब 700 करोड़ रुपये की कर्जमाफी मिलेगी. इसके बाद भारतीय स्टेट बैंक के 41,135 खातों के लिए 513 करोड़ रुपये तथा बैंक ऑफ महाराष्ट्र के 29,980 खातों के लिए 488 करोड़ रुपये की राशि प्रस्तावित की गई है. नियमित कर्ज चुकाने वाले किसानों के लिए प्रोत्साहन योजना में भी जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के 48,869 किसान सबसे अधिक पात्र पाए गए हैं. इन्हें लगभग 244 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा. इसके अलावा भारतीय स्टेट बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सहित अन्य बैंकों के पात्र किसानों को भी योजना का लाभ दिया जाएगा. प्रशासन ने बताया कि योजना का क्रियान्वयन पूरी तरह ऑनलाइन किया जाएगा. पात्र किसानों के लिए आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य होगा. सभी बैंकों को किसानों का डेटा पोर्टल पर शीघ्र अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लाभ की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में जल्द से जल्द हस्तांतरित की जा सके.

Back to top button