अमरावती में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ
आज से पांच दिन चलेगा घर-घर टीकाकरण अभियान

अमरावती /दि.30– जिला सामान्य अस्पताल में राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया. अकोला परिमंडल के स्वास्थ्य सेवा उपसंचालक एवं अमरावती जिले के राज्यस्तरीय समन्वय अधिकारी डॉ. सुशीलकुमार वाकचौरे ने एक बालक को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की. इस अवसर पर जिला शल्य चिकित्सक डॉ. विनोद पवार, निवासी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप हेडाऊ, अधिसेविका ललिता अटालकर सहित अस्पताल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
जिला शल्य चिकित्सक कार्यालय के अंतर्गत आने वाले सभी उपजिला अस्पतालों, ग्रामीण अस्पतालों और नगर परिषद क्षेत्रों में अभियान के लिए व्यापक तैयारी की गई है. जिले में कुल 228 टीकाकरण बूथ स्थापित किए गए हैं. 28 जून को बूथ स्तर पर जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई. अभियान के अगले चरण में आज 30 जून से 4 जुलाई 2026 तक विशेष स्वास्थ्य दल घर-घर जाकर ऐसे सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके.
जिला शल्य चिकित्सक डॉ. विनोद पवार ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी से असुरक्षित न रहे. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तैयारी की है कि अभियान के दौरान एक भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे.





