पानी में फंसी गाड़ी को भूलकर भी स्टार्ट न करें
इंश्योरेंस क्लेम हो सकता है रिजेक्ट

नागपुर /दि.30- मानसून के दौरान जलभराव में फंसी गाड़ी को स्टार्ट करने की एक छोटी-सी गलती आपको भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा सकती है. ऑटोमोबाइल विशेषज्ञों और इंश्योरेंस कंपनियों ने चेतावनी दी है कि यदि इंजन में पानी घुस गया हो, तो गाड़ी स्टार्ट करने की कोशिश न करें. ऐसा करने से इंजन को गंभीर नुकसान हो सकता है और इंश्योरेंस क्लेम भी खारिज किया जा सकता है.
बारिश के मौसम में शहरों और हाईवे पर जलभराव की स्थिति में कई बार गाड़ियों के इंजन में पानी प्रवेश कर जाता है. यदि ऐसी स्थिति में चालक इग्निशन ऑन करता है या स्टार्ट बटन दबाता है, तो इंजन में हाइड्रोस्टैटिक लॉक की स्थिति बन सकती है. इससे पिस्टन, कनेक्टिंग रॉड और अन्य आंतरिक पुर्जे क्षतिग्रस्त हो जाते हैं, जिसके कारण इंजन पूरी तरह खराब हो सकता है.
* क्लेम क्यों हो सकता है रिजेक्ट?
इंश्योरेंस कंपनियां इंजन में पानी होने के बावजूद गाड़ी स्टार्ट करने से हुए नुकसान को चालक की लापरवाही मान सकती हैं. ऐसे मामलों में नुकसान को ‘सेल्फ-इन्फ्लिक्टेड डैमेज’ मानकर इंश्योरेंस क्लेम अस्वीकार किया जा सकता है. प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का दावा स्वीकार किया जा सकता है, लेकिन चालक की गलती से बढ़े नुकसान की भरपाई आमतौर पर नहीं की जाती.
* क्या करें?
– इंजन में पानी होने की आशंका हो तो गाड़ी बिल्कुल स्टार्ट न करें.
– गाड़ी को धक्का देकर सुरक्षित स्थान पर ले जाएं या टोइंग वैन की मदद लें.
– तुरंत इंश्योरेंस कंपनी और अधिकृत गैराज को सूचना दें.
– यदि आपकी पॉलिसी में ‘इंजन प्रोटेक्शन ऐड-ऑन’ शामिल है, तो इंजन क्षति का दावा मिलने की संभावना बढ़ जाती है.





