मालवाहक वाहन की टक्कर में चालक की मौत

समृद्धि महामार्ग पर एक और हादसा

धामणगांव रेलवे /दि.2 – हिंदू हृदय सम्राट बालासाहब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग पर एक बार फिर भीषण सडक दुर्घटना होने की जानकारी सामने आई है. तेज रफ्तार और आधुनिक सुविधाओं के लिए प्रसिद्ध इस महामार्ग पर हुए इस हादसे में एक मालवाहक वाहन चालक की दर्दनाक मौत हो गई. जिससे सडक सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठाए जा रहे है. गुरुवार को नागपुर कॉरिडोर के चैनल क्रमांक-123 पर यह हादसा हुआ. एमएच-15/जेसी-9522 नंबर का टाटा इंद्रा मालवाहक वाहन समृद्धि महामार्ग से जा रहा था. इस दौरान चालक का नियंत्रण छूट गया और सामने चल रहे वाहन से जोरदार टक्कर हो गई. यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, मालवाहक वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचा.
दुर्घटना के बाद चालक गंभीर रुप से घायल होकर वाहन में फंस गया था. स्थानीय लोगों और राहत दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृत चालक की पहचान रघुनाथ प्रभाकर पताडे (50, नि. मातोरी, नाशिक) के रुप में हुई. घटना की जानकारी डायल 112 पर मिलते ही तलेगांव दशासर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पंचनामा कर यातायात को सुचारु किया. हादसे की सही वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई.
प्राथमिक अंदाज के मुताबिक तेज रफ्तार, लापरवाही या अचानक ब्रेक लगने की वजह से यह हादसा हुआ. तलेगांव दशासर पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. समृद्धि महामार्ग पर बढते हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे है. गति जहां प्रगति का प्रतिक है, वहीं लापरवाही के साथ वहीं गति जानलेवा भी साबित हो सकती है. ऐसे में वाहन चालकों के लिए जरुरी है कि, वे गति पर नियंत्रण रखे और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें.

 

Back to top button