नशे में धुत चालक ने 65 वर्षीय महिला को मारी टक्कर
तेज रफ्तार कार से हादसा, गंभीर घायल महिला का निजी अस्पताल में इलाज जारी

तिवसा/दि.8– तहसील कार्यालय में काम के सिलसिले में जा रही 65 वर्षीय महिला को तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना 3 सितंबर की दोपहर तिवसा शहर के पेट्रोल पंप चौक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई. पुलिस ने कार चालक को पीछा कर पकड़ लिया. जांच में चालक के नशे में होने की जानकारी सामने आई. घायल महिलाका नाम तिवसा निवासी गुम्फाबाई भीमराव राउत (65) है.
जानकारी के मुताबिक गुंफाबाई तहसील कार्यालय स्थित सेतु सुविधा केंद्र में जा रही थीं. इसी दौरान अमरावती से नागपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार क्रमांक एमएच-49-बीआर-9719 ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद चालक कार लेकर मौके से भागने का प्रयास करने लगा. हालांकि, तिवसा पुलिस ने कार का पीछा कर चालक को पकड़ लिया. पुलिस जांच में चालक के नशे में होने की बात सामने आई. हादसे में गंभीर रूप से घायल गुंफाबाई को उपचार के लिए अमरावती के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. घटना के बाद घायल महिला के भाई अशोक इंगले ने तिवसा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.





