कुकड़ीखापा जलप्रपात में नागपुर के चार युवक फंसे

150 फीट गहरी खाई से एसडीआरएफ ने बचाया

* अचानक बढ़ा पानी का बहाव, चट्टान पर फंसे युवकों ने दिखाई सूझबूझ
* राज्य आपदा मोचन दल ने चलाया रोमांचक बचाव अभियान
नागपुर /दि.14 – मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के कुकड़ीखापा जलप्रपात पर वर्षाकालीन पर्यटन के लिए पहुंचे नागपुर के चार युवकों की उस समय जान सांसत में पड़ गई, जब जलप्रपात क्षेत्र में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया. चारों युवक पानी के बीच एक चट्टान पर फंस गए और नीचे करीब 150 फीट गहरी खाई थी. अचानक बदले हालात में युवकों ने घबराने के बजाय वहीं रुककर मदद का इंतजार किया. घटना की जानकारी मिलते ही राज्य आपदा मोचन दल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया.
एसडीआरएफ के जवानों ने जोखिम उठाते हुए करीब 150 फीट गहरी खाई में उतरकर चट्टान पर फंसे चारों युवकों तक पहुंच बनाई. कठिन परिस्थितियों के बीच उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इस तरह समय रहते चलाए गए बचाव अभियान से चारों युवकों की जान बच गई. बचाव अभियान का रोमांचक वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है, जिसमें अभियान के दौरान सामने आई चुनौतीपूर्ण स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है. घटना एक बार फिर बारिश के मौसम में जलप्रपात और नदी-नालों के आसपास पर्यटन करते समय सावधानी बरतने की जरूरत को रेखांकित करती है. अचानक बढ़ने वाला जलस्तर और तेज बहाव कुछ ही क्षणों में पर्यटकों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है.

Back to top button