‘मेरे शरीर और चेहरे पर टिप्पणी कर जरांगे को खुशी मिलती है तो करते रहें’

मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले हुए इमोशनल

* कभी जातिगत भेदभाव नहीं किया
* राजस्व महकमे में किए ढेर सारे काम
मुंबई/नागपुर/दि.13 – महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान भावुक हो गए. पिछले कुछ दिनों से मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटील लगातार बावनकुले पर तीखी टिप्पणियां कर रहे हैं. इसी को लेकर बावनकुले ने कहा कि उनके बारे में व्यक्तिगत और शारीरिक टिप्पणी किए जाने से उन्हें दुख होता है.
बावनकुले ने कहा, मेरे बारे में व्यंग्य करके, मेरे शरीर और चेहरे पर टिप्पणी करके अगर उन्हें खुशी मिलती है और इससे उनके समाज को न्याय मिलने वाला है, तो वे मेरी टिंगल-टवाळी (मजाक) जरूर करें. उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी किसी के साथ गलत व्यवहार नहीं किया और न ही जातिगत भेदभाव किया. बावनकुले के मुताबिक, उन्होंने मराठा और ओबीसी विवाद में खुद को नहीं उलझाया है. उन्होंने कहा कि यदि उनके बारे में कोई गलतफहमी हुई है, तो उसे दूर किया जाना चाहिए.
* मेरा भी परिवार है
बावनकुले ने भावुक होते हुए कहा कि उनका भी परिवार है. उन्होंने बताया, मेरी पत्नी कुणबी हैं और मेरी बहू मराठा है. उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग ने काफी काम किया है और इसके बावजूद यदि उनके खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणियां की जा रही हैं, तो इसका कोई औचित्य नहीं है.
* जरांगे का बावनकुले पर गंभीर आरोप
मनोज जरांगे पाटील लगातार आरोप लगा रहे हैं कि बावनकुले के निर्देश पर मराठा समाज से जुड़ी कुणबी प्रविष्टियां रद्द की गईं. जरांगे ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी मंत्री के कहने पर ऐसा कोई कदम न उठाएं, जिससे उन्हें बाद में कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़े. जरांगे ने बावनकुले पर मराठा समाज के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए उन पर तीखी व्यक्तिगत टिप्पणी भी की है.

Back to top button