बोपापुर के बिजली उपभोक्ता की शंका का समाधान हुआ
जांच में स्मार्ट मीटर शत-प्रतिशत योग्य

* उपभोक्ता अफवाहों पर विश्वास न करें, महावितरण का आवाहन
अचलपुर /दि.17- तहसील के बोपापुर स्थित बिजली उपभोक्ता डी. आर. मालखेडे ने स्मार्ट मीटर को लेकर बिल ज्यादा आने की शिकायत की थी. जिसमें उनकी शिकायत पर बिजली विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर की जांच की गई. जांच में पाया गया कि, स्मार्ट मीटर शत-प्रतिशत योग्य है. महावितरण की इस पारदर्शक भूमिका की वजह से बिजली उपभोक्ता की शंका का समाधान हुआ और उपभोक्ता ने संपूर्ण बिल अदा किया.
उपभोक्ता मालखेडे ने 29 जून को महावितरण से शिकायत की थी. उसके पश्चात 30 जून को आयोजित ‘स्मार्ट मीटर समाधान शिविर’ में उन्हें सविस्तर जानकारी देकर प्रत्यक्ष रुप से मीटर जांच किए जाने का आश्वासन दिया था. उसी के अनुसार 2 जुलाई को महावितरण के कर्मचारी उनके घर पहुंचे और मीटर की जांच की. 24 घंटे तक जांच किए जाने के बाद मीटर योग्य पाया गया. मालखेडे का समाधान होने के पश्चात उन्होंने 18,830 रुपए बिजली का बिल भरा. बिजली विभाग के उपकार्यकारी अभियंता उमेश राठोड ने विद्युत ग्राहकों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करने का आवाहन किया और कहा कि, किसी प्रकार की शिकायत हो, तो वे महावितरण कार्यालय से संपर्क करें तथा कर्मचारियों को सहयोग दें.





