विधान परिषद चुनाव में 17 सीटों पर मुकाबले की तस्वीर साफ
महायुति और महाविकास आघाड़ी ने घोषित किए उम्मीदवार,

मुंबई/दि.1 – महाराष्ट्र विधान परिषद की स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्रों की 17 सीटों के लिए चुनावी तस्वीर लगभग साफ हो गई है. नामांकन के अंतिम दिन महायुति और महाविकास आघाड़ी (एमवीए) ने अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. सीटों के बंटवारे को लेकर कई दिनों तक चली रस्साकशी के बाद दोनों गठबंधनों ने अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं.
महायुति में भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में 11 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) 4 और राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार गुट) 2 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार रही है. महायुति ने अमरावती से पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे, नागपुर से राजीव पोतदार, नांदेड़ से अमर राजूरकर, सोलापुर से राजेंद्र राऊत तथा छत्रपति संभाजीनगर-जालना से सुहास शिरसाट सहित 17 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है.
दूसरी ओर महाविकास आघाड़ी में कांग्रेस सबसे बड़े दल के रूप में 8 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. कांग्रेस ने अमरावती से हर्षदीप देशमुख, नागपुर से अतुल लोंढे, यवतमाल से साहेबराव कांबले तथा सोलापुर से आदित्य फत्तेपूरकर को उम्मीदवार बनाया है. शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) 5 सीटों और राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) 3 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. पुणे से श्रीकांत पाटील और ठाणे से अभिजीत पवार को शरद पवार गुट ने मैदान में उतारा है.
इस चुनाव में कुछ सीटों पर बगावत और बहुकोणीय मुकाबले की स्थिति भी बन गई है. पुणे में राष्ट्रवादी कांग्रेस के दो नेताओं द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने से राजनीतिक हलचल तेज हुई है, जबकि छत्रपति संभाजीनगर-जालना सीट पर भी दावेदारी को लेकर विवाद सामने आया है.
बता दें कि राज्य की इन 17 स्थानीय प्राधिकारी सीटों के लिए मतदान 18 जून को होगा, जबकि मतगणना 22 जून को की जाएगी. करीब ढाई वर्ष से रिक्त पड़ी इन सीटों पर होने वाला चुनाव महायुति और महाविकास आघाड़ी दोनों के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है.
* कहां से कौन उम्मीदवार
निर्वाचन क्षेत्र महायुति महाविकास आघाडी
अमरावती प्रवीण पोटे (भाजपा) हर्षजीत देशमुख (कांग्रेस)
वर्धा-चंद्रपुर-गड़चिरोली अरुण लखानी (भाजपा) शैलेश देशमुख (कांग्रेस)
भंडारा-गोंदिया अविनाश ब्राह्मणकर (भाजपा) —
सोलापुर राजेंद्र राऊत (भाजपा) आदित्य अतेपुरकर (कांग्रेस)
सांगली-सातारा धैर्यशील कदम (भाजपा) बालासाहब पाटिल/ अभय जगताप (राकांपा शरद)
अहिल्यानगर प्राजक्ता तनपुरे (भाजपा) —
छत्रपति संभाजीनगर-जालना सुहास शिरसाट (भाजपा) देव्यानी डोनगांवकर (उबाठा)
नांदेड़ अमर राजूरकर (भाजपा) —
धाराशिव-बीड़-लातूर बसवराज पाटील (भाजपा) महेश देशमुख (कांग्रेस)
जलगांव नंदकिशोर महाजन (भाजपा) निलेश चौधरी/ शरद तायडे (उबाठा)
नागपुर राजीव पोतदार (भाजपा) अतुल लोढे (कांग्रेस)
ठाणे रविंद्र फाटक (शिवसेना) अभिजीत पवार (राकांपा शरद)
नाशिक नरेंद्र दराडे (शिवसेना) —
परभणी-हिंगोली सईद खान (शिवसेना) डॉ. विवेक नावंदर (उबाठा)
यवतमाल दुष्यंत चतुर्वेदी (शिवसेना) साहेबराव कांबले (कांग्रेस)
रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग अनिकेत तटकरे (राकांपा) बाला माने (उबाठा)
पुणे विक्रम काकड़े (राकांपा) श्रीकांत पाटिल (राकांपा शरद)
(जलगांव में उबाठा तथा सांगली-सातारा में शरद पवार गुट ने दो-दो प्रत्याशियों को ए-बी फॉर्म दिया है. वहीं भंडारा-गोंदिया, अहिल्या नगर एवं नाशिक सीट से महाविकास आघाडी द्बारा प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं किए गए.)





