महाआवास अभियान में राज्य में द्वितीय स्थान
अमरावती विभाग की ऐतिहासिक उपलब्धि

* यवतमाल के लाभार्थी को ‘देश के 3 करोड़वें घरकुल’ पूर्ण करने का सम्मान
* विभागीय आयुक्त द्वारा सराहना और अपूर्ण कार्य शीघ्र पूर्ण करने की अपील
अमरावती/दि.20– महाराष्ट्र शासन के ग्रामविकास एवं पंचायत राज विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के बेघर परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने हेतु चलाए जा रहे ‘महाआवास अभियान 2023-24’ में अमरावती विभाग ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है. इस अभियान में उत्कृष्ट कार्य करते हुए अमरावती विभाग ने राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है. सातारा में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामविकास मंत्री शिवराजसिंग चव्हाण तथा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हस्तों तत्कालीन विभागीय आयुक्त डॉ. निधी पाण्डेय, अपर आयुक्त (विकास) शालिनी कडू एवं उपायुक्त राजीव फडके को यह पुरस्कार प्रदान किया गया.
अमरावती विभाग ने विभिन्न स्तरों पर कुल आठ पुरस्कार प्राप्त किए हैं. 15 मई को सातारा सैनिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में संबंधित विभाग प्रमुखों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर राज्य के ग्रामविकास एवं पंचायत राज मंत्री गरूर्ज्ञीारी ॠेीश तथा प्रधान सचिव एकनाथ डवले प्रमुख रूप से उपस्थित थे. समारोह में विभागीय आयुक्त (अमरावती विभाग), अपर आयुक्त (विकास), सहायक आयुक्त (विकास), अकोला एवं अमरावती जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों तथा पातूर (अकोला) के गटविकास अधिकारी को सम्मानचिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर गौरवान्वित किया गया.
अमरावती विभाग को प्राप्त विभिन्न स्तरों के पुरस्कार इस प्रकार हैं- विभाग स्तर पर राज्य पुरस्कृत आवास योजना में अमरावती विभाग को राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है. जिला परिषद स्तर पर अमरावती जिला परिषद को ‘राज्य पुरस्कृत आवास योजना’ में राज्य में द्वितीय स्थान मिला है. अकोला जिला परिषद को ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ में राज्य में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है. पंचायत समिति स्तर पर अकोला जिले की पातूर पंचायत समिति को ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ में राज्य में प्रथम स्थान मिला है. ग्रामपंचायत स्तर पर वाईगौल ग्रामपंचायत (तह. मानोरा, जि. वाशिम) को प्रधानमंत्री आवास योजना में तृतीय स्थान, बेलुरा बु. ग्रामपंचायत (तह. अकोट, जि. अकोला) को ‘उत्कृष्ट बहुमंजिला इमारत’ श्रेणी में तृतीय स्थान तथा देपूळ ग्रामपंचायत (तह. जि. वाशिम) को राज्य पुरस्कृत आवास योजना में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है.
* यवतमाल के लाभार्थी को ‘देश के 3 करोड़वें घरकुल’ पूर्ण करने का सम्मान
इस समारोह की विशेष बात यह रही कि यवतमाल जिले के पुसद तहसील अंतर्गत इनापूर के लाभार्थी दशरथ सवई-चव्हाण ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत देश का 3 करोड़वां घरकुल पूर्ण करने का ऐतिहासिक गौरव प्राप्त किया. इस विशेष उपलब्धि के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंग चव्हाण तथा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हस्तों उन्हें उनके अधिकार के घर की चाबी प्रदान कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया.
* विभागीय आयुक्त द्वारा सराहना और अपील
इस सम्मान समारोह में पुरस्कार प्राप्त जिलों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला ग्रामीण विकास यंत्रणा के प्रकल्प संचालक, गटविकास अधिकारी, ग्रामपंचायत अधिकारी, सरपंच एवं ग्रामसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित थे. अमरावती विभाग की इस शानदार सफलता पर विभागीय आयुक्त नयना गुंडे ने सभी सफल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई दी तथा आगे की कार्ययात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं. साथ ही विभाग में अब तक अपूर्ण घरकुल कार्यों को तेज गति एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूर्ण करने की अपील भी की.





