चांदूर रेलवे स्टेशन का कायापलट करें, मुख्य ट्रेनों को दे स्टॉपेज

रेल रोको कृती समिति की मांग

* सांसद अमर काले और विधायक प्रताप अडसड़ को सौंपा ज्ञापन
चांदूर रेलवे/दि.21 – चांदूर रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्धार के साथ यात्रियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों को नियमित ठहराव देने की मांग को लेकर रेल रोको कृती समिति की ओर से अध्यक्ष नितीन गवली के नेतृत्व में सांसद अमर काले और विधायक प्रताप अडसड़ को बुधवार 19 अगस्त को ज्ञापन सौंपा गया.
नागपुर-भुसावल रेल मार्ग पर स्थित चांदूर रेलवे स्टेशन पर शहर सहित आसपास के हजारों नागरिक, विद्यार्थी, व्यापारी, कर्मचारी और यात्री निर्भर हैं. हालांकि, स्टेशन पर कई जरूरी सुविधाओं का अभाव होने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ज्ञापन में स्टेशन की इमारत और परिसर का आवश्यक जीर्णोद्धार करने तथा यात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है. समिति ने स्टेशन पर स्वच्छ और सुरक्षित प्रतीक्षालय, दोनों प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक कोच इंडिकेटर लगाने तथा प्लेटफॉर्म की ऊंचाई नियमानुसार बढ़ाने की मांग की है.
* दो प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों को ठहराव देने की मांग
समिति ने 11203/11204 नागपुर-मडगांव एक्सप्रेस तथा 12405/12406 भुसावल-हजरत निजामुद्दीन गोंडवाना सुपरफास्ट एक्सप्रेस को चांदूर रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव देने की मांग की है. इन ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की बात समिति ने कही है. यात्रियों की सुरक्षा के लिए स्टेशन पर आरपीएफ की नियमित और पर्याप्त व्यवस्था करने तथा आवश्यक स्थानों पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग भी की गई. विशेष रूप से रात के समय यात्रियों की सुरक्षा का मुद्दा गंभीर होने के कारण इस दिशा में तत्काल कदम उठाने की जरूरत बताई गई. इसके अलावा शिवाजी महाराज नगर क्षेत्र के भूमिगत मार्ग का अधूरा काम जल्द से जल्द पूरा करने की मांग भी समिति ने की. समिति ने बताया कि इस कार्य को लेकर पहले भी संबंधित अधिकारियों के पास लगातार मांग रखी जा चुकी है.
चांदूर रेलवे महत्वपूर्ण स्टेशन होने के बावजूद यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाओं का अभाव दुर्भाग्यपूर्ण है. इसलिए सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर संबंधित रेलवे अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से पैरवी करने, आवश्यक निधि और मंजूरी उपलब्ध कराने तथा कामों को प्राथमिकता से पूरा कराने की मांग ज्ञापन के माध्यम से की गई. इस अवसर पर नितीन गवली, मेहमूद हुसैन, विनोद जोशी, सतीश चौधरी, अजय हजारे, अमोल देशमुख, विनोद लहाने, मंगेश डाफ, हर्षल वाघ और सुमेध सरदार सहित अन्य उपस्थित थे.

Back to top button