शिक्षक ने दो बच्चों संग गोदावरी में कार उतारकर दी जान

वरिष्ठों पर प्रताड़ना का आरोप

* वॉट्सएप स्टेटस में लिखा ‘मुझे माफ कर दो’
* नांदेड़ की घटना से शिक्षा जगत में शोक
नांदेड़ /दि.17- महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. एक शिक्षक ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ गोदावरी नदी में कार उतारकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली. घटना से पहले शिक्षक ने वॉट्सएप स्टेटस पर एक संदेश लिखकर अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया. मामले की जांच पुलिस कर रही है.
मृतक शिक्षक की पहचान सुनील मोरे के रूप में हुई है, जो भोकर तहसील के बेंबर गांव के निवासी थे और पोटा बु. जिला परिषद स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे. बताया जा रहा है कि उन्होंने मुदखेड तहसील के पुणेगांव क्षेत्र स्थित आमदुरा घाट से अपनी कार गोदावरी नदी में उतार दी. इस हादसे में सुनील मोरे के साथ उनकी बेटी सारा और बेटे सुमित की भी मौत हो गई. घटना से पहले सुनील मोरे ने अपने वॉट्सएप स्टेटस पर लिखा कि वे अपने वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर यह कदम उठा रहे हैं. उन्होंने अपने संदेश में लोगों से क्षमा भी मांगी थी. सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. लंबे रेस्क्यू अभियान के बाद नदी से कार को बाहर निकाला गया, जिसमें शिक्षक और दोनों बच्चों के शव मिले. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं, शिक्षक द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी. इस घटना से शिक्षा जगत में शोक और आक्रोश का माहौल है. यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत परिवार, मित्रों या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें. समय पर सहायता लेना जीवन बचा सकता है.

Back to top button