अहिल्यानगर हिस्टॉरिक मैरेथॉन में अमरावती की महिला भावकों का शानदार प्रदर्शन
51 स्पर्धकों ने भाग लेकर प्राप्त किया पुरस्कार

अमरावती/दि.2- अहिल्यानगर साइक्लिगं क्लब और भारतीय सेना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अहिल्यानगर हिस्टोरिक मैराथन में अमरावती रोड रनर्स ग्रुप के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार अपने नाम किए. प्रतियोगिता में अमरावती रोड रनर्स के 51 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और सबसे अधिक पुरस्कार जीतकर जिले का नाम रोशन किया.
मैराथन के पांचवें संस्करण का मुख्य आयोजन अहिल्यानगर शहर स्थित भारतीय सेना के बेस परिसर और भुईकोट किले के आसपास किया गया. 42 किलोमीटर की दौड़ सुबह 3 बजे तथा 21 किमी की हाफ मैराथन सुबह 5 बजे शुरू हुई. अमरावती रोड रनर्स ग्रुप के कुल छह सदस्यों ने अपने-अपने आयु वर्ग में जीत हासिल की. विजेताओं को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. 21 किमी महिला वर्ग में प्रणिता गौरव निस्टाने ने प्रथम स्थान, रितु तलमले ने द्वितीय स्थान, मनीषा ढोके ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं सीनियर आयु वर्ग में रितुजा फुके ने 2 घंटे 15 मिनट का समय दर्ज कर जीत हासिल की. 10 किलोमीटर दौड़ में अनुपमा मोटवानी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला पुरस्कार अपने नाम किया. उन्होंने निर्धारित दूरी को लगभग 1 घंटे 6 मिनट में पूरा किया. अमरावती रोड रनर्स ग्रुप के प्रमुख दिलीप पाटिल ने प्रतियोगिता के लिए सभी धावकों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान किया. उन्होंने स्वयं भी हाफ मैराथन में भाग लेकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. प्रतियोगिता में अमरावती की महिला धावकों के शानदार प्रदर्शन की खेल प्रेमियों और नागरिकों ने सराहना की है.





