एक वर्ष जनप्रतिनिधियों के मानधन फ्रीज करें
पूर्व मंत्री सुबोध सावजी का शासन को सुझाव

* तभी पीएम मोदी की मितव्ययिता होगी थोडी सार्थक
बुलढाणा/दि.2 – अमेरीका-ईरान युद्ध के कारण देश की अर्थव्यवस्था डगमगा जाने के स्थिति में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री सुबोध सावजी ने महत्वपूर्ण सुझाव दिया है. उन्होंने राष्ट्रपति सहित सभी वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों को दिए जाते मानधन पर एक वर्ष के लिए रोक लगाने का अनुरोध किया है.
सावजी ने कहा कि, देश में इंधन के दाम बढ रहे हैं. जिसके कारण महंगाई लगातार बढ रही हैं. देश पर मंदी का संकट है. ऐसे में सरकार को अर्थव्यवस्था पटरी पर लानेे उपाययोजना करनी चाहिए. इसी कडी में सांसद, विधायक और सभी वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों के सरकारी खजाने से दिए जाते मानधन रोक दिए जाने चाहिए. सावजी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अनुरोध पत्र भेजा है. एक साल के लिए सभी का मानधन बंद कर देना उचित रहेगा, ऐसा उन्होंने कहा. स्वयं सुबोध सावजी अपने एक वर्ष के मानधन त्यागने के लिए तैयार है. इससे देश की गडबडाती अर्थव्यवस्था को थोडा आधार मिल सकता है. सरकार से तत्काल और प्रभावी निर्णय की अपेक्षा उन्होंने व्यक्त की.





