पुरुषोत्तम मास के निमित्त बार्शिटाकली में श्रीमद्भागवत संगीत कथा
6 से 13 जून तक रहेगा आयोजन

बार्शिटाकली /दि.5 – पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर गुरु गोविंद महाराज मठ में 6 जून से 13 जून तक श्रीमद्भागवत संगीत कथा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है. प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक कथा एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे. कथा का वाचन प्रसिद्ध कथावाचक ह.भ.प. अनिरुद्ध गोपालकृष्ण क्षीरसागर महाराज द्वारा किया जाएगा. सप्ताह के दौरान श्रीमद्भागवत कथा, हरिपाठ, कीर्तन, प्रवचन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा.
आयोजकों के अनुसार, दिवंगत ह.भ.प. गोपालकृष्ण महाराज क्षीरसागर ने लगातार 40 वर्षों तक पुरुषोत्तम मास में भागवत कथा का आयोजन किया था. उनके निधन के बाद यह परंपरा उनके पुत्र अनिरुद्ध क्षीरसागर महाराज द्वारा आगे बढ़ाई जा रही है. समापन दिवस 13 जून को सुबह 9 बजे भव्य ग्रंथ दिंडी प्रदक्षिणा, 11 बजे काल्याचे कीर्तन, दहीहांडी तथा महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा. आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से इस ज्ञानयज्ञ और धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर लाभ लेने की अपील की है.





