गेट खोलने को लेकर विवाद, पीएसआई द्वारा गेटमैन से मारपीट

अमरावती-जबलपुर एक्सप्रेस 40 मिनट रुकी

नागपुर/दि.12 – वरुड रोड रेलवे क्रॉसिंग पर गेट खोलने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक पुलिस उपनिरीक्षक द्वारा गेटमैन के साथ मारपीट किए जाने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है. इस घटना के कारण अमरावती-जबलपुर एक्सप्रेस (12159) करीब 40 मिनट तक पांढुर्णा स्टेशन पर रुकी रही.
जानकारी के अनुसार, रेलवे क्रॉसिंग पर तैनात गेटमैन से गेट जल्दी न खोलने को लेकर पीएसआई का विवाद हुआ, जिसके बाद मामला बढ़ गया और कथित तौर पर पुलिस अधिकारी ने गेटमैन के साथ मारपीट की. घटना से डरा हुआ गेटमैन वहां से भागकर करीब एक किलोमीटर दूर स्थित पांढुर्णा स्टेशन मास्टर कार्यालय पहुंचा. बताया गया कि आरोपी पीएसआई भी वहां पहुंच गया और स्टेशन मास्टर की मौजूदगी में भी गेटमैन को धमकाया. इस घटना के कारण रेलवे संचालन और सिग्नलिंग व्यवस्था प्रभावित हुई, जिससे अमरावती-जबलपुर एक्सप्रेस को पांढुर्णा स्टेशन पर रोकना पड़ा. करीब 40 मिनट की देरी के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और ट्रेन को आगे रवाना किया गया. रेलवे कर्मचारियों में इस घटना को लेकर नाराजगी है और संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है. प्रशासन द्वारा मामले की जांच की बात कही जा रही है.

Back to top button