स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वदेशी व्यापारी मंच के विदर्भ प्रांत कार्यालय का उद्घाटन संपन्न

नागपुर/दि.13– 20 जून : स्वदेशी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्थानीय उद्योग, व्यापार और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वदेशी व्यापारी मंच के विदर्भ प्रांत कार्यालय का उद्घाटन अमेय सहनिवास, बाजी प्रभू चौक, रामनगर, नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विदर्भ प्रांत कार्यवाह प्रा. मा. अतुलजी मोघे के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ.
इस अवसर पर स्वदेशी व्यापारी मंच के राष्ट्रीय संयोजक सीए बी.सी. भारतीय तथा स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह-संयोजक प्रा. अजय पत्की ने उपस्थित कार्यकर्ताओं, व्यापारियों एवं नागरिकों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक आर्थिक प्रतिस्पर्धा के दौर में स्वदेशी केवल एक आर्थिक अवधारणा नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, रोजगार सृजन, सांस्कृतिक स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम है. उन्होंने स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने, लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन देने तथा भारतीय उद्यमिता को मजबूत करने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच, नागपुर महानगर के संयोजक प्रा. प्रमोदजी मारोडकर ने सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं को स्वदेशी शपथ दिलाते हुए दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, स्थानीय उत्पादकों के समर्थन तथा भारतीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का संकल्प कराया. स्वदेशी जागरण मंच के विदर्भ प्रांत संयोजक शिवाजीराव भालतिलक ने कार्यक्रम का संचालन किया. उन्होंने कहा कि स्वदेशी आंदोलन केवल आर्थिक स्वावलंबन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय संसाधनों के संवर्धन और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का भी माध्यम है.
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक एवं शैक्षणिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिक, कार्यकर्ता तथा स्वदेशी विचारधारा के समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित थे. सभी ने संकल्प व्यक्त किया कि वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के राष्ट्रीय अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए व्यापक जनजागरण किया जाएगा.
* स्वदेशी का महत्व
स्वदेशी का अर्थ केवल देश में निर्मित वस्तुओं का उपयोग करना नहीं, बल्कि ऐसी आर्थिक व्यवस्था का निर्माण करना है जो स्थानीय उत्पादन, स्थानीय रोजगार, स्थानीय कौशल और भारतीय मूल्यों को सुदृढ़ करे. स्वदेशी विचार आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का आधार है तथा यह देश की आर्थिक स्वतंत्रता और सामाजिक समृद्धि का महत्वपूर्ण मार्ग प्रशस्त करता है. स्वदेशी जागरण मंच लंबे समय से इसी उद्देश्य को लेकर समाज में जागरूकता निर्माण का कार्य कर रहा है.





