हैदराबाद-जयपुर एक्सप्रेस में बैग चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार

दिव्यांग दंपती को मिली राहत

अकोला/दि.27- हैदराबाद-जयपुर एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक दिव्यांग दंपती का चोरी हुआ बैग कुछ ही घंटों में बरामद कर रेलवे सुरक्षा बल और सरकारी रेलवे पुलिस ने सराहनीय कार्रवाई की. पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर 5,100 मूल्य का सामान तथा दंपती के बेहद महत्वपूर्ण मूल दस्तावेज सुरक्षित वापस सौंप दिए.
जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई को ट्रेन संख्या 17079 हैदराबाद-जयपुर एक्सप्रेस वाशीम स्टेशन पर पहुंची थी. उस समय आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक सलीम खान और हवलदार सुनील कुमार गश्त पर थे. इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति हरे रंग का ट्रॉली बैग लेकर जल्दबाजी में ट्रेन से उतरता दिखाई दिया. पूछताछ में उसने अपना नाम संदीप बबन वानखड़े (35), निवासी वाशीम बताया. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पिछले चार-पांच वर्षों से चलती ट्रेनों में चोरी और जेबकतरी करने की बात स्वीकार की. उसने यह भी बताया कि इस वारदात में जलगांव निवासी फारूक नामक उसका साथी भी शामिल है, जिसकी तलाश जारी है.
पुलिस जांच में सामने आया कि शीतल पटेल (31), निवासी धमनोद, जिला धार (मध्य प्रदेश) अपने पति विजय पटेल के साथ इसी ट्रेन से खंडवा जा रही थीं. अकोला-वाशीम के बीच उनकी ट्रॉली बैग चोरी हो गई थी. बैग में शैक्षणिक एवं नौकरी से संबंधित महत्वपूर्ण मूल दस्तावेज, सौंदर्य प्रसाधन और अन्य सामान रखा था. विजय पटेल डीआरडीओ में तकनीशियन के पद पर कार्यरत हैं, इसलिए दस्तावेज अत्यंत महत्वपूर्ण थे. दोनों पति-पत्नी 60 प्रतिशत दिव्यांग हैं. पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106(3) के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बरामद बैग तुरंत दंपती को सौंप दिया. इसके बाद अकोला रेलवे स्टेशन पर महिला पुलिस हवलदार दुर्गा रामटेके ने उन्हें सुरक्षित रूप से खंडवा जाने वाली ट्रेन में बैठाने में सहायता की. इस मामले में जीआरपी अकोला ने बीएनएस की धारा 305(सी) के तहत मामला दर्ज किया है. फरार आरोपी फारूक की तलाश जारी है. दिव्यांग दंपती ने आरपीएफ और जीआरपी की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया

Back to top button