जिला बैंक पर सहकार पैनल का वर्चस्व
21 में से 19 सीटें जीती

* 14 वर्षो के पश्चात सहकार पैनल ने मारी बाजी
* शेतकरी परिवर्तन पैनल को मात्र दो सीटें
बुलढाणा/दि.25– जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के चुनाव में सहकार पैनल ने 21 में से 19 सीटें जीतकर बैंक पर अपना निर्विवाद वर्चस्व प्रस्थापित किया है. सहकार पैनल की मतदान से पूर्व 12 सीटें निर्विरोध आयी थी. इसके पश्चात पैनल ने शेष 9 सीटों में से 7 सीटों पर जोरदार जीत हासिल की. वहीं स्व. अजीत दादा पवार के शेतकरी परिवर्तन पैनल को मात्र दो सीटों पर समाधान करना पडा.
भाजपा, शिवसेना शिंदे, कांग्रेस, उबाठा और राष्ट्रवादी कांग्रेस के विभिन्न गुटों के स्थानीय नेताओं को एकत्र लाने में सहकार पैनल कामयाब हुआ. जिसकी वजह से चुनाव का परिणाम एक तरफा आया है. वहीं दूसरी ओर शेतकरी परिवर्तन पैनल ने दो सीटे जीतकर संचालक मंडल में अपनी विरोधी पक्ष की भूमिका कायम रखी. जिससे संचालक मंडल एक तरफा होने से बचा.
* मलकापुर में विधायक संचेती को धक्का
मलकापुर तहसील में विधायक चैनसुख संचेती की राजनीति भूमिका को धक्का लगा है. उनके नेतृत्व में चुनाव मैदान में उतरे ज्ञानदेव वाघोदे ने मतदान के दिन चुनाव मैदान से हटने के बाद शिवचंद्र तायडे और संतोष रायपुरे में सीधी लडाई हुई. जिसमें संचेती समर्थक मतदाताओं का मत तायडे को मिला. जिससे वह 6 मतों से विजयी रहे.
* इन 12 संचालकों का निर्विरोध चयन
प्राथमिक कृषि पंथ संस्था निर्वाचन क्षेत्र से मयूर गणेश बाहेकर (बुलढाणा), अंकुशराव व्यंकटेश पाटिल (चिखली) संजय रामभाउ गायकवाड (मोताला), राजेश रमेशराव देशमुख (नांदुरा), पांडुरंग पुरूषोत्तम पाटिल (शेगांव), दिनेश राजाराम कालने (खामगांव), प्रसेनजीत किसन तायडे पाटिल (जलगांव जामोद), प्रतापराव गणपतराव जाधव (मेहकर), डॉ.राजेंद्र भास्करराव शिंगणे (सिंधखेड राजा), कावेरी समाधान सोनसले (देउलगांव राजा) यह निर्विरोध निर्वाचित हुए है. वहीं विमुक्त जाति- भटक्या जमाति/ विशेष पिछडावर्ग से जालींदर आश्रुबा बुधवत तथा कृषि पणन व कृषि माल प्रक्रिया संस्था निर्वाचन क्षेत्र से विधायक आकाश पांडुरंग फुंडकर निर्विरोध निर्वाचित हुए है.
* मतपेटी में सात विरूध्द दो
प्रत्यक्ष लडाई में सहकार पैनल के गोविंद मीर, संजय रायमुलकर, सुनील उदयकार, अस्मिता हेलगे, पुष्पाताई बारवकर, गोविंद मापारी और श्रीकांत मारोडे विजयी हुए. परिवर्तन पैनल के ज्ञानेश पाटिल ने नागरी बैंक- पत संस्था निर्वाचन क्षेत्र में 615 तथा शिवचंद्र तायडे ने मलकापुर कृषि संस्था निर्वाचन क्षेत्र में 18 मत प्राप्त किए. इन दोनों सीटों की वजह से निर्णय प्रक्रिया में प्रश्न रखने विरोधियों को मंच मिला है.





