यवतमाल जेल में कैदियों के दो गुटों में झड़प

टीवी बंद करने को लेकर शुरू हुआ विवाद

नौ कैदियों के खिलाफ अवधूतवाड़ी पुलिस में शिकायत
यवतमाल/दि.7-  जिला जेल में सोमवार रात करीब 9.30 बजे टीवी बंद करने को लेकर कैदियों के दो गुटों में विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों गुटों के कैदी आपस में भिड़ गए. घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए कैदियों को अलग-अलग बैरकों में भेज दिया. मामले में मंगलवार को अवधूतवाड़ी पुलिस थाने में नौ कैदियों के खिलाफ शिकायत दी गई.
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात दर्शन दिलीप श्रीरामे (20) ने जेल का टीवी बंद कर दिया था. इसी बात को लेकर उसकी शेख नजीर शेख वजीर (24) से बहस हो गई. देखते ही देखते दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. शेख नजीर की मदद के लिए शेख साहिल शेख सुल्तान (22), शेख सबदर शेख कुरबान (22) और शेख कौसर शेख कुरबान (35) दौड़कर पहुंचे. दूसरी ओर, दर्शन की मदद के लिए पवन सचिन गायकवाड़ (20) समेत अन्य कैदी आगे आए. इसी दौरान विशाल रघु कुंभारे (28) भी विवाद में शामिल हो गया. इसके बाद दोनों गुटों के कैदियों के बीच जमकर झड़प हुई.
* हत्या और चोरी जैसे मामलों में बंद हैं कैदी
जानकारी के मुताबिक शेख नजीर, शेख साहिल, शेख सबदर और शेख कौसर यह पुसद के रहने वाले हैं तथा उनके खिलाफ हत्या के मामले दर्ज हैं. दर्शन दिलीप श्रीरामे भी पुसद का निवासी है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज है. पवन सचिन गायकवाड़ पुणे जिले का निवासी है और उसे एमपीडीए के तहत जिला जेल में रखा गया है. वहीं विशाल रघु कुंभारे पुणे जिले का रहने वाला है और केलापुर तहसील से संबंधित चोरी के मामले में जेल में बंद है.
* जेल प्रशासन ने समय रहते संभाली स्थिति
कैदियों के बीच झड़प की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों गुटों को अलग किया और उन्हें अलग-अलग बैरकों में भेज दिया. इसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई. मंगलवार को मामले की शिकायत अवधूतवाड़ी पुलिस थाने में दर्ज कराई गई. पुलिस की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही थी और देर रात तक अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी.

Back to top button