फर्जी अकाउंट बनाकर अश्लील पोस्ट करने का आरोप

युवती के खिलाफ मामला दर्ज

* फ्रेजरपुरा पुलिस थाना क्षेत्र की घटना
अमरावती/दि.24 – नागपुर में इंजिनीयरिंग की पढाई कर रहे एक छात्र ने अमरावती की एक युवती के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज की है. छात्र के मुताबिक दोनों की पहचान स्कूल और ट्यूशन के समय से थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों से युवती द्वारा उसे लगातार परेशान किया जा रहा था. पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है. यह घटना फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र की है.
पीडित छात्र जो वर्तमान में नागपुर स्थित एक इंजिनीयरिंग कॉलेज में तृतीय वर्ष का छात्र है, ने बताया कि वह संबंधित 21 वर्षीय युवती 9 वीं कक्षा से एक ही ट्यूशन में पढते थे. जहां से दोनों के बीच दोस्ती हुई थी. छात्र का आरोप है कि, फरवरी 2026 से युवती लगातार उससे संपर्क करने का दबाव बना रही थी और दिनभर फोन पर बात करने के लिए मजबूर कर रही थी. जब उसने बात करने से इंकार किया, तो युवती ने कथित तौर पर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाकर उसके परिवार को निशाना बनाना शुरु किया. शिकायतकर्ता छात्र के नाम फर्जी फेसबुक और इंस्टाग्राम फेक अकाउंट बनाकर युवती ने उसकी (शिकायतकर्ता) मां की आपत्तिजनक फोटो पोस्ट की और परिवार के सदस्यों को अश्लील गालियां देते हुए पोस्ट रिश्तेदारों में भी सांझा किये. जिससे परिवार को मानसिक परेशानी और बदनामी का सामना करना पडा. छात्र ने पहले यह सोचकर पुलिस में शिकायत नहीं की थी कि, स्थिति समय के साथ सुधर जाएगी. लेकिन लगातार बढती घटनाओं के चलते आखिरकार छात्र ने फ्रेजरपुरा थाना पहुंचकर युवती के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत के आधार पर आरोपी युवती के खिलाफ बीएनएस की धारा 356 (2), 351 (2) (3) और सूचना तकनीकी ज्ञान अधिनियम 67 (अ), 66 (सी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button