10 दिन पहले हुई थी शादी, सडक हादसे में गई जान

बाइक पर घूमने निकले थे पति-पत्नी, ओवरटेक के चक्कर में हुआ हादसा

* एक ही दिन के दौरान कई सडक हादसों से थर्राया महाराष्ट्र, पूरे राज्य में शोक
सातारा/दि.21 – महाराष्ट्र में सड़क हादसों की बढ़ती घटनाओं के बीच बीते कुछ घंटों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों से दर्दनाक दुर्घटनाओं की खबरें सामने आई हैं. सबसे हृदयविदारक घटना पाटन क्षेत्र में हुई, जहां शादी के महज 10 दिन बाद ही एक नवदंपति की सड़क हादसे में मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक सातारा जिले के कराड-चिपलून राष्ट्रीय राजमार्ग पर 10 दिन पहले ही विवाहबद्ध हुए सडादाढोली निवासी राजू झोरे (25) और उनकी पत्नी रानी झोरे (23) अपनी बाइक से घर के काम से जा रहे थे. येरफले गांव के पास उन्होंने एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना से परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है.
* वाशिम में एसटी बस और ट्रक की टक्कर
वाशिम जिले के रिसोड तालुका में लेहणी-धोडप मार्ग पर राज्य परिवहन की बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई. हादसे में बस चालक और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि 15-16 यात्री मामूली रूप से घायल हुए हैं. सभी का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है.
* नाशिक में दर्शन को जाते समय हादसा
नाशिक के गिरणार-दुगाव रोड पर एक अज्ञात पिकअप वाहन ने बालू थेटे की बाइक को टक्कर मार दी. वे मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे. हादसे के बाद चालक फरार हो गया. घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है.
* मुंबई-गोवा हाईवे पर डंपर पलटा
मुंबई-गोवा महामार्ग पर टायर फटने से एक डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए पलट गया. इस घटना में चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन सड़क पर गिट्टी फैलने से दोनों ओर यातायात बाधित हो गया. बाद में स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से रास्ता साफ कर यातायात बहाल किया गया.
* लगातार बढ़ते हादसे चिंता का विषय
राज्य में लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं. प्रशासन द्वारा वाहन चालकों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई.

Back to top button