प्याज, अदरक और लहसुन की कीमतों ने पकडी रफतार

बंपर पैदावार से आलू के दाम गिरे

नागपूर/दि.20– स्थानीय थोक और खुदरा सब्जी मंडियों में इन दिनों रसोई के मुख्य मसालों और सब्जियों की कीमतों में जबरदस्त उतार-चढाव देखने को मिल रहा है. प्याज, अदरक और लहसुन के दामों में आई भारी तेजी ने आम जनता की जेब पर बोझ बढा दिया है, वही आलू के दामों में आई नरमी ने उपभोक्ताओं को थोडी राहत जरूर दी है. बाजार विश्लेषकों और व्यापारियों के अनुसार इस साल, देश में आलू का बंपर उत्पादन हुआ है. कोल्ड स्टोरेज भी पूरी तरह आलू से भरे हुए है. पर्याप्त स्टॉक के कारण आनेवाले दिनों में आलू के दाम बढने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है.
अदरक की थोक-खुदरा कीमतों में बडा अंतर ः अदरक की आवक प्रभावित होने से इसकी कीमतों में लगातार बढोतरी दर्ज की जा रही है. बाजार सूत्रों के मुताबिक इसके थोक भाव 100 से 115 रूपए प्रति किलो है. जबकि आम उपभोक्ताओं को खुदरा बाजार में अदरक 150 से लेकर 200 रुपए प्रति किलो के ऊंचे दामों पर खरीदना पड रहा है.
प्याज में मंदी के आसार नहीं ः प्याज एक बार फिर उपभोक्ताओं को रूलाने की राह पर है. थोक बाजार में प्याज की कीमतों में उछाल आया है. थोक बाजार मेंं प्याज के दाम 900 रूपए प्रति 40 किलो यानी करीब 22.50 प्रति किलो तक पहुंच गए है. थोक व्यापारी विश्वबंधु गुप्ता ने बताया कि, आने वाले दीनों में भी प्याज की कीमतों में गिरावट की उम्मीद कम है. मांग की तुलना में आपूर्ति कम होने से इसमें तेजी रहने की पूरी संभावना है.
लहसुन के दाम में भी उछाल ः लहसुन में भी तेजी देखी जा रही है. हाल के दिनों में असके दामों मे सीधे 1,000 रूपए प्रति 40 किलो तक की भारी बढोतरी दर्ज की गई है. थोक बाजार में लहसुन 8,400 रूपए प्रति क्विंटल 40 किलो के अनुपात में बिक रहा है. खुदरा बाजार में कीमतें आसमान छू रही है और यह 300 से 350 रूपए प्रति किलो के भाव पर पहुंच चुका है. जिससे यह आम आदमी की रसोई से दूर होता जा रहा है.
आलू की रिकॉर्ड पैदावार ः प्याज और लहसुन के विपरीत आलू के मोर्चे पर उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है. आलू के दामों में लगातार मंदी देखी जा रही है. और इसके पीछे मुख्य वजह इस साल हुई रिकॉर्ड पैदावार है. थोक मंडी में आलू 350 से 480 रुपए प्रति 40 किलो, करीब 9 से 12 रूपए प्रति किलो के बीच बेहद निचले स्तर पर बना हुआ है. खुदरा बाजार में आलू आसानी से 20 से 25 रूपए प्रति किलो के बीच उपलब्ध है.

Back to top button