लूटपाट प्रकरण के तीन आरोपी कुछ घंटे में दबोचे गए

2.15 लाख रुपए का माल जब्त, अकोला अपराध शाखा की कार्रवाई

अकोला/दि.29– अकोला अपराध शाखा (एलसीबी) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जबरी लूट के एक सनसनीखेज मामले का महज 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई तीन मोटरसाइकिलें और लूटी गई नकदी सहित 2 लाख 15 हजार 200 रुपये का शत-प्रतिशत माल बरामद किया है.
जानकारी के मुताबिक 27 जून को खदान पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में बताया गया था कि शिवापुर स्थित सायबा होटल के पास कुछ युवकों ने एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल रोककर उसके साथ गाली-गलौज की और लोहे की वस्तु से उसके सिर पर हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद उसे वहां से भगा दिया गया. इसी दौरान पारकर शोरूम के सामने आरोपियों ने एक अन्य युवक को धमकाकर उससे 1,200 रुपये लूट लिए. विरोध करने पर आरोपी चाकू लेकर उसके पीछे दौड़े। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक नितीन लेव्हरकर ने दो विशेष जांच दल गठित किए. सहायक पुलिस निरीक्षक निलेश देशमुख के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर अजय सुधाकर डोईफोडे (20), अमन मनोज भगत (19) और अरहत अतुल अवचार (18) को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया.
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख 14 हजार रुपये है तथा लूटी गई 1,200 रुपये की नकदी बरामद कर कुल 2 लाख 15 हजार 200 रुपये का माल जब्त कर लिया. पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के कुछ अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है. गिरफ्तार आरोपियों और जब्त माल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए खदान पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अपर पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी के मार्गदर्शन में अपराध शाखा और साइबर टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दी.

 

Back to top button