रेत कारोबार के विवाद में भाजपा नेता समेत तीन लोगों की जिंदा जलाकर हत्या

इलाके में सनसनी, छत्तीसगढ के कोरिया जिले की घटना

गढ़चिरोली/दि.19 – छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत कारोबार को लेकर चल रहे विवाद ने भयावह रूप ले लिया. भाजपा के स्थानीय नेता भारत सिंह उर्फ लाला सिंह समेत तीन लोगों की कथित रूप से जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, यह घटना सोनहत थाना क्षेत्र के नोगई गांव के पास मंगलवार देर रात हुई. भारत सिंह जनपद पंचायत के पूर्वाध्यक्ष और भाजपा के स्थानीय नेता थे. बताया जा रहा है कि उनके परिवार के पास क्षेत्र में रेत खनन का ठेका था, जबकि रेत परिवहन का कार्य दूसरे समूह द्वारा किया जाता था. दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से आर्थिक लेन-देन और वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था. पुलिस सूत्रों के अनुसार, भारत सिंह अपने साथियों के साथ फॉर्च्युनर वाहन से जा रहे थे. इसी दौरान हमलावरों ने उनका पीछा किया और आगे-पीछे ट्रक लगाकर वाहन को रोक लिया.
आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने वाहन पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी. आग की चपेट में आने से भारत सिंह की वाहन के अंदर ही जलकर मौत हो गई. वहीं, जान बचाने के लिए बाहर निकलने का प्रयास कर रहे अन्य लोगों पर हमलावरों ने धारदार हथियारों और लाठियों से हमला कर दिया. इस हमले में शिक्षक नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की भी मौत हो गई. वीरेंद्र सिंह के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने की जानकारी सामने आई है. गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. तिहरे हत्याकांड के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त है. पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है. इस घटना ने छत्तीसगढ़ में रेत कारोबार से जुड़े बढ़ते अपराध और माफिया गतिविधियों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

Back to top button