समृद्धि एक्सप्रेसवे पर 36.50 लाख रुपए के प्याज से भरा ट्रक लूटा

ड्राइवर से मारपीट कर ट्रक लेकर फरार हुए आरोपी

 पुलिस ने दो घंटे में चार आरोपियों को दबोचा, ट्रक और महंगी कार जब्त
बुलढाणा/दि.29 – समृद्धि महामार्ग पर डोनगांव थाना क्षेत्र में प्याज से भरे ट्रक को लूटने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. सफेद रंग की महंगी कार से आए चार आरोपियों ने ट्रक को रोककर चालक के साथ मारपीट की और करीब 36 लाख 50 हजार रुपए मूल्य के प्याज से लदा ट्रक लेकर फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों का पीछा किया और महज दो घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ट्रक के साथ महंगी कार भी जब्त कर ली है.
यह घटना मेहकर-मालेगांव मार्ग पर समृद्धि महामार्ग के किलोमीटर क्रमांक 260 से 269 के बीच हुई. उत्तर प्रदेश के कौशंबी जिले के सिराथू तहसील अंतर्गत थोन निवासी मिराज अहमद एजाज अहमद (28) नामक चालक रायपुर के जितेंद्र सहगल रोडलाइंस का ट्रक चला रहा था. वह अपने चाचा मोहम्मद तकी के साथ करीब 30 टन 560 किलो प्याज लेकर नागपुर की ओर जा रहा था.
* कार से आए आरोपियों ने ट्रक रोका
जानकारी के मुताबिक सफेद रंग की महंगी कार में सवार चार आरोपियों ने ट्रक को रास्ते में रोक लिया. इसके बाद चालक के साथ मारपीट की और ट्रक को प्याज समेत अपने कब्जे में लेकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही डोनगांव पुलिस सक्रिय हो गई. डोनगांव ेके थानेदार गणेश इंगोले तथा हाईवे सिक्योरिटी पुलिस की मलकापुर सेंट्रल टीम ने तकनीकी जानकारी के आधार पर ट्रक की तलाश शुरू की. पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में आरोपियों का पता लगा लिया.
* चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस कार्रवाई में तेजस विलास ढोमसे, गौरव हरिभाऊ पानसरे, विश्वजीत निवृत्ति ढोमसे और आशुदेव दास को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्याज से भरा ट्रक और वारदात में इस्तेमाल की गई महंगी कार जब्त कर ली है. घटना को लेकर डोनगांव पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों ने ट्रक और प्याज की इतनी बड़ी खेप को लूटने की योजना कैसे बनाई और इस वारदात में उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं.

Back to top button