वर्धा नदी में डूबने से दो लोगों की मृत्यु
यवतमाल जिले के कलंब तहसील में दो अलग-अलग घटना

कलंब /दि.19 – कलंब तहसील के गलमगांव परिसर में गुरुवार 18 जून को वर्धा नदी में डूबने से दो लोगों की मृत्यु हो गई. यह दो अलग-अलग घटना दो घंटे में उजागर होने से परिसर में खलबली मच गई.
पहली घटना दोपहर 4 बजे के दौरान उजागर हुई. गलमगांव के पास वर्धा नदी में अज्ञात व्यक्ति का शव दिखाई दिया. पुलिस और संबंधित यंत्रणा घटनास्थल पर पहुंची और शव बाहर निकाला गया. मृतक व्यक्ति के जेब से बरामद आधार कार्ड पर से उसकी शिनाख्त हुई. मृतक का नाम वर्धा जिले के झाडगांव गोसावी ग्राम निवासी प्रल्हाद सोमाजी लोहारे (65) है. प्राथमिक जांच में उनकी मृत्यु पानी में डूबने से होने का अनुमान है. मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होने वाला है. शाम 6 बजे उसी परिसर में वर्धा नदी में गिरने से वर्धा जिले के देवली तहसील में आने वाले शिरपुर होरे ग्राम निवासी भोजराज एकनाथ मोरणकर (45) नामक व्यक्ति की डूबने से मृत्यु हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर शव बाहर निकाला और पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचा दिया. प्राथमिक जांच में नदी में डूबने से मृत्यु होने का अनुमान है. पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज कर जांच शुरु की है.





