टिप्पर ने दोपहिया को उडाया, मां-बेटे की मौत
पति गंभीर रुप से घायल, सुकडी नाका परिसर की घटना

तिरोडा/दि.25- तेज रफ्तार से दौड रहे टिप्पर ने दुपहिया को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में दुपहिया सवार मां-बेटे की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. जबकि पति गंभीर रुप से घायल होने की घटना गुरुवार 23 अप्रैल की शाम 4.45 बजे के दौरान सुकडी नाका परिसर में घटित हुई. मृतक मां-बेटे के नाम गोंदिया जिले के कासा ग्राम निवासी हेमलता चौधरी (35) और तन्मय चौधरी (9) है. जबकि जख्मी का नाम कमाउस धर्मदास चौधरी है.
जानकारी के मुताबिक कमाउस चौधरी यह पत्नी और बेटे के साथ गुरुवार को दोपहर में दुपहिया क्रमांक एमएच-35/एवी-4102 पर सवार होकर कासा ग्राम से नागपुर की तरफ जा रहा था. सुकडी नाका के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी दुपहिया को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि, दुपहिया सवार हेमलता चौधरी और तन्मय चौधरी की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. जबकि कमाउस चौधरी गंभीर रुप से घायल हो गये. उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है. कमाउस चौधरी यह नागपुर में मजदूरी का काम करता है. कुछ काम के लिए वह अपने गांव कासा आया हुआ था. गुरुवार में दोपहर में वह परिवार के साथ नागपुर जा रहा था. इस घटना के कारण चौधरी परिवार पर दुखों का पहाड टूट पडा है.





