कूलर के करंट से 14 महीने के मासूम की मौत

घाटंजी तहसील में दिल दहला देने वाली घटना

यवतमाल/दि.15 – बढ़ती गर्मी की तीव्रता के कारण घर-घर में कूलर का उपयोग बढ़ गया है. लेकिन इसी कूलर में उतरे विद्युत प्रवाह ने एक मासूम की जान ले ली. घाटंजी तहसील के शिरोली में कूलर को छूने से बिजली का झटका लगने के कारण महज 14 महीने के बच्चे की मौत होने की अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना आज शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे हुई. स्वराज सुरज उले यह मृत मासूम का नाम है.
मिली जानकारी के अनुसार, शिरोली निवासी सुरज उले का बेटा स्वराज सुबह आंगन में खेल रहा था. भीषण गर्मी के कारण घर का कूलर रातभर चालू था. सुबह स्वराज की मां घर के सामने आंगन में सफाई और लीपाई के काम में व्यस्त थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गहरी नींद में थे. खेलते-खेलते स्वराज घर के अंदर चला गया. वहां चालू कूलर की पानी की टंकी में उसने सहज ही हाथ डाल दिया. कूलर में तकनीकी खराबी के कारण बिजली का करंट उतर आया था. पानी का स्पर्श होते ही स्वराज को जोरदार करंट लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ा. कुछ समय बाद मां की नजर इस पर पड़ी तो उन्होंने चीख-पुकार मचाई. तुरंत घर की बिजली सप्लाई बंद कर स्वराज को बाहर निकाला गया. परिवार वाले उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल इलाज के लिए लेकर गए. लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
महज 14 महीने के स्वराज की मौत से उले परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. खेलने-कूदने की उम्र में काल के ग्रास बनने से शिरोली गांव में शोक की लहर फैल गई है और पूरे तहसील में दुख व्यक्त किया जा रहा है. स्वराज की इस दुर्भाग्यपूर्ण मौत ने घरेलू उपकरणों की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर सामने ला दिया है. प्रशासन से ऐसी घटनाएं रोकने के लिए विद्युत उपकरणों के उपयोग को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने की मांग की जा रही है.

Back to top button